• Sun. Jun 14th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘मेरी हालत खराब हो गई है, पछता रहा हूं’, 370 रुपये की बिरयानी का किस्सा सुनाने वाले हिमांशु जांगड़ा का वीडियो वायरल

Byadmin

Jun 13, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रणीत मोरे के स्टैंड-अप कॉमेडी शो में हरियाणा के हिमांशु जांगड़ा अपने बयानों की वजह से घिर गए। हिमांशु ने एक महिला को 370 रुपये की बिरयानी खिलाने के बदले उसे वसूलने की बात कही। प्रणीत मोरे के शो की इस वायरल क्लिप ने देश भर में विवाद खड़ा कर दिया।

इस विवाद को लेकर हिमांशु जांगड़ा ने कहा है कि वे पछतावे के साथ जी रहे हैं। शो का यह क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें कानूनी मुश्किलों, सामाजिक बहिष्कार और लगातार ऑनलाइन मिल रही गालियों का सामना करना पड़ रहा है।

‘मेरी हालत बहुत खराब है’

गुरुग्राम की कंपनी ‘स्टारविक डिजाइन’ के इंस्टाग्राम अकाउंट से जारी एक वीडियो में हिमांशु जांगड़ा ने कंपनी के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा से बात की। प्रणीत मोरे के शो की क्लिप वायरल होने के बाद जांगड़ा को इसी कंपनी से नौकरी से निकाला गया है।

बातचीत के दौरान जांगड़ा ने कहा, ‘सर, अब मेरी हालत बहुत खराब है, मैं बहुत तनाव में हूं। अब जब मैं अपने परिवार को देखता हूं तो मुझे बहुत पछतावा होता है कि मैं उस शो में क्यों गया था।’

क्या है मामला?

हिमांशु जांगड़ा के बयान को लेकर यह विवाद तब शुरु हुआ, जब वे गुरुग्राम में कॉमेडियन प्रणीत मोरे के शो में गए थे। इस शो का ‘क्राउड-वर्क’ सेगमेंट प्रणीत मोरे ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया, जो कि तेजी से वायरल हो गया।

प्रणीत मोरे से बातचीत के दौरान, हिमांशु जांगड़ा ने अपनी एक डेट का जिक्र किया। इस बात में उन्होंने बताया कि उस डेट पर चिकन बिरयानी की एक प्लेट पर उन्होंने 370 रुपये खर्च किए थे और कहा कि इस खर्च की वजह से उन्हें सेक्सुअल फेवर (यौन संबंध) पाने का हक मिल गया था। इस बातचीत के दौरान मोरे को हंसते हुए देखा गया।

इस मामले के बढ़ने के बाद प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा दोनों ने माफी मांगी। हिमांशु को उनकी कंपनी ने नौकरी से भी निकाल दिया। अब हिमांशु का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वो कह रहे हैं कि उन्हें पछतावा है।

By admin