हिमाचल प्रदेश में नवंबर 2026 के दौरान कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम केंद्र शिमला ने 1 नवंबर को प्रदेश के लिए नवंबर महीने का मासिक मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां सामान्य से अधिक रह सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार लाहौल-स्पीति के कई हिस्सों के अलावा चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के उत्तरी क्षेत्रों तथा किन्नौर जिले के दक्षिणी हिस्सों में नवंबर के दौरान सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के शेष अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी सामान्य रहने का अनुमान लगाया गया है। इसके विपरीत ऊना, कांगड़ा के कुछ दक्षिणी हिस्सों, सिरमौर के पश्चिमी क्षेत्रों और सोलन जिले में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है।