समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में पीडीए रथयात्रा के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से बच्चे की मौत के मामले में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में बुलडोजर से स्वागत नहीं किया जाना चाहिए। बुलडोजर का काम अच्छी सड़कें बनाना और अच्छे काम करना है। उसमें अपना कोई दिमाग नहीं होता, बल्कि ड्राइवर होता है।
बुधवार को गोरखपुर में पीडीए रथयात्रा के दौरान हुए हादसे को लेकर पत्रकारों ने अखिलेश यादव से सवाल किया। उनसे पूछा गया कि रथयात्रा के दौरान पीछे से बुलडोजर की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई है। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने रथयात्रा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया था।