• Fri. Oct 23rd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

यूपी:विधान परिषद की 11 सीटों के लिए वोटिंग आज, 72 जिलों में 14.81 लाख मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग – Up: 14.81 Lakh Voters Will Cast Their Votes For 11 Legislative Council Seats On Friday; Voting Will Take Place

Byadmin

Oct 23, 2026


उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के सभी 72 जनपदों में मतदान कराया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं। चुनाव मैदान में कुल 152 प्रत्याशी हैं।पांच खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी और बरेली-मुरादाबाद शामिल हैं। वहीं, छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं।

मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने 11 प्रेक्षक तैनात किए हैं। इसके अतिरिक्त 1041 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 456 जोनल मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं। मतदान स्थलों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए 1108 भारी वाहन, 1737 हल्के वाहन और 12,309 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं।

मतदाताओं को मतदान से पहले अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि किसी मतदाता के पास यह पहचान पत्र नहीं है, तो वह निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक को दिखाकर अपनी पहचान साबित कर सकता है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों-विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र, संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक के रूप में मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान का पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाणपत्र और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) शामिल हैं।

By admin