दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को इंडिया गठबंधन की रैली में विपक्षी नेताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। इस दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि रैली में उमड़ी भीड़ ने केंद्र सरकार को साफ संदेश दे दिया है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा कि देश की जनता अब समझ चुकी है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को किस तरह प्रभावित किया जा रहा है।
मोदी-शाह को जनता ने दिया साफ संदेश: वेणुगोपाल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को बता दिया है कि उनका समय खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
वेणुगोपाल ने कहा “नरेंद्र मोदी और अमित शाह को देश की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि उनका समय खत्म हो गया है। अब जनता समझ चुकी है कि लोकतंत्र को नुकसान कौन पहुंचा रहा है।” उन्होंने राहुल गांधी के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ी भीड़ देश में सरकार के खिलाफ नाराजगी को दिखाती है। जनता लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों को स्वीकार नहीं करेगी।
पवन खेड़ा बोले- गृह मंत्री को दिख रहा कांग्रेस का डर
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस को लेकर चिंतित हैं। खेड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि इन लोगों को अब सपने में भी कांग्रेस दिखाई देने लगी है। उन्होंने कहा “उनसे कह दीजिए कि अपने दिन गिनना शुरू कर दें। अब उनके जाने का समय आ गया है। वह जाने वाले गृह मंत्री हैं।”
पवन खेड़ा का दावा- 30 साल में इतनी बड़ी रैली नहीं देखी
पवन खेड़ा ने रामलीला मैदान में जुटी भीड़ को लेकर कहा कि वह पिछले 30 साल से यहां होने वाली रैलियां देख रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी भीड़ पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने दावा किया कि रैली बेहद सफल रही और इसका असर सिर्फ रामलीला मैदान तक सीमित नहीं था, बल्कि दिल्ली के दूसरे हिस्सों में भी लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी।
SIR के विरोध में दिल्ली पहुंचे विपक्षी दलों के नेता
दरअसल, इंडिया गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और वोटर लिस्ट में कथित अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली में ‘चलो दिल्ली’ मार्च निकाला। मार्च मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से शुरू होकर रामलीला मैदान पहुंचा।
इस रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, फारूक अब्दुल्ला, डी राजा और महबूबा मुफ्ती समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। इससे पहले 31 अक्तूबर को राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष की ओर से महाभियोग से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था।