• Thu. Jul 16th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

राजस्थान में ठेले से गोलगप्पे खाने पर 115 लोग बीमार पड़े, 12 लोग अस्पताल में भर्ती; कई की हालात गंभीर

Byadmin

Jul 16, 2026


डिजिटल डेस्क, कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में एक बड़ा फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है, जहां एक ठेले से गोलगप्पे (पानी-पुरी) खाने के बाद बच्चों समेत करीब 115 लोग बीमार पड़ गए हैं। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और प्रभावितों के इलाज के लिए गांव में ही आपातकालीन स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है।

घटना कोटा जिले के सिमलिया क्षेत्र के पोलई खुर्द गांव में हुई। गांव में एक रेहड़ी पटरी वाले (स्ट्रीट वेंडर) से गोलगप्पे खाने के बाद लगभग 115 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं।

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने मंगलवार रात को गांव में गोलगप्पे खाए थे। इसके कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी।

देखते ही देखते बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इनमें से 12 लोगों की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत सिमलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने मुस्तैदी दिखाई है। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजेश समर के निर्देश पर गांव में दो मेडिकल टीमें और एक 108 एम्बुलेंस तैनात की गई है।

मामूली रूप से बीमार लोगों का इलाज गांव में ही लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं ताकि कोई भी मरीज इलाज से छूटे नहीं।

बुधवार सुबह उपखंड अधिकारी दीपक महावर और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों ने पोलई खुर्द गांव का दौरा कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

By admin