• Thu. May 28th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

राजस्थान में भीषण गर्मी:श्रीगंगानगर देश का तीसरा सबसे गर्म शहर; आज 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट – Rajasthan Continues To Reel Under Heatwave, Sriganganagar Among India’s Hottest Cities

Byadmin

May 28, 2026


राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बना हुआ है। बुधवार को श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का तीसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि रातें भी गर्म बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को जयपुर समेत 11 जिलों में आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है, लेकिन फिलहाल लोगों को तेज गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार कम हैं।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ। चूरू, बीकानेर, पिलानी और भीलवाड़ा में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। वहीं कोटा, फलोदी और हनुमानगढ़ में रात का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। कोटा प्रदेश की सबसे गर्म रात वाला शहर रहा।

राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को परेशान किया। रेलवे स्टेशन समेत कई सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों के लिए टेंट, कूलर और ठंडे पानी की व्यवस्था करनी पड़ी।

यह भी पढें- अनु मीणा सुसाइड केस: मोबाइल चैट्स, CCTV और वीडियो बने अहम सबूत; परिवार बोला- लंबे समय से झेल रही थी हिंसा

सीकर में तेज धूप और लू के थपेड़ों के बीच तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। पिछले दिन हुई हल्की बारिश के बाद उमस और बढ़ गई। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग सिर व चेहरा ढककर घरों से निकलते दिखे।

बीकानेर में हालात और ज्यादा कठिन रहे। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रही कारों के तापमान मीटर में पारा 49 डिग्री सेल्सियस तक दिखाई दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया। श्रीगंगानगर में गर्मी से राहत देने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने उत्तर-पूर्वी राजस्थान के लिए गर्मी का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और टोंक जिलों में दोपहर बाद आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 29 से 31 मई के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई जिलों में तेज धूलभरी आंधी, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इसके असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है और महीने के अंत तक हीटवेव से आंशिक राहत मिलने के संकेत हैं।

हालांकि, मई के अंतिम दिनों तक पश्चिमी राजस्थान और सीमावर्ती इलाकों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सतर्क रहने की सलाह दी है।

By admin