डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्वतंत्रता सेनानी पिंगली वेंकैया की 150वीं जयंती पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वेंकैया ने राष्ट्रीय ध्वज का प्रारंभिक डिजाइन तैयार किया था। वह लेखक, भू-विज्ञानी और शिक्षाविद थे।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, पिंगली वेंकैया जी को उनकी जयंती पर स्मरण कर रहा हूं। वेंकैया को हमारे देश को तिरंगा देने में उनकी अमूल्य भूमिका के लिए याद किया जाता है। तिरंगा राष्ट्र-निर्माण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करता है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने भी दी श्रद्धांजलि
अमित शाह ने पोस्ट किया, पिंगली वेंकैया जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। उन्होंने तिरंगे को डिजाइन करने में अमूल्य योगदान दिया। राष्ट्र ध्वज तिरंगा हमारे गौरव और आकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में शान से लहराता है। आजादी के संघर्ष में उनकी भूमिका भारतीयों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।