• Sat. Sep 19th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

वंदे भारत एक्सप्रेस की दूसरी स्लीपर ट्रेन का रूट, टाइमिंग और किसे मिलेगा फायदा?

Byadmin

Sep 19, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लंबी दूरी के यात्रियों के लिए रेलवे जल्द ही देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन (Vande Bharat Express sleeper train) शुरू करने की तैयारी में है। पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा-कामाख्या मार्ग पर चल रही है।

इसकी सफलता व यात्रियों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया के बाद अब दूसरी स्लीपर वंदे भारत को वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलाने की तैयारी है। प्रस्तावित ट्रेन से वाराणसी और दिल्ली के बीच रात में तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा।

प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी कैंट से रात 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह करीब 5 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस तरह लगभग 8 घंटे में यात्रा पूरी होने की उम्मीद है। वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। हालांकि अंतिम समय-सारिणी और परिचालन संबंधी अन्य विवरण रेलवे की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगे।

800 यात्रियों के लिए होगी स्लीपर सुविधा

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में करीब 800 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। ट्रेन में 11 थ्री एसी, 4 टू एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल होने की जानकारी है। लंबी दूरी के यात्रियों को रात में सोकर यात्रा करने के साथ आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

बताया जा रहा है कि वाराणसी-नई दिल्ली मार्ग पर ट्रेन का ट्रायल सितंबर में किया जा सकता है। सफल परीक्षण के बाद इसे यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी है और दिवाली तक सेवा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि रेलवे ने अभी इसके शुभारंभ की निश्चित तारीख और किराया घोषित नहीं किया है।

By admin