• Wed. Nov 25th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

विदेश में बैठे गैंगस्टर भारतीय जेलों से चला रहे नेटवर्क:जेल स्टाफ की भूमिका पर उठे सवाल; कैसे टूटेगा गठजोड़? – Foreign-based Gangsters Running Networks From Indian Jails Staff Under Scrutiny How Can The Nexus Be Broken

Byadmin

Nov 25, 2026


विदेशों में छिपे गैंगस्टर और माफिया अब भारतीय जेलों को भी अपने अपराध का नेटवर्क चलाने के ठिकाने के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। जेलों में बंद कैदियों के जरिए हत्या, हथियारों की खरीद, नशे की तस्करी और उगाही जैसे अपराधों को अंजाम दिया जा रहा है। इस पूरे नेटवर्क में जेल के कुछ कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इसे बड़ी चुनौती माना है। हाल ही में दिल्ली में हुए आतंकवाद निरोधी सम्मेलन-2026 में इस खतरे पर गंभीर चर्चा हुई।

विदेशों में बैठे गैंगस्टर जेलों को कैसे बना रहे हैं अपराध का अड्डा?

एनआईए के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने सम्मेलन के बाद बताया कि विदेशों में बैठे अपराधी भारतीय जेलों का इस्तेमाल अपने नेटवर्क को बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टर अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर काम कर रहे हैं। एनआईए ने राज्यों को इस बारे में सतर्क किया है और जेलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा है। एजेंसी का मानना है कि कैदियों पर जेल से बाहर आने के बाद भी नजर रखना जरूरी है, क्योंकि जमानत मिलने के बाद वे दोबारा अपना आपराधिक नेटवर्क सक्रिय कर सकते हैं।

जेल स्टाफ की भूमिका पर सवाल क्यों उठ रहे हैं?

एनआईए प्रमुख के मुताबिक, इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए सबसे जरूरी है कि कैदियों तक मोबाइल फोन की पहुंच बंद की जाए। मोबाइल के जरिए ही वे बाहर बैठे अपराधियों से संपर्क और निर्देशों का आदान-प्रदान करते हैं। जेलों में तैनात कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। इसमें अस्थायी कर्मचारी, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ तक शामिल हैं। जेलों में व्हाट्सएप, सिग्नल और टेलीग्राम जैसे एन्क्रिप्टेड ऐप, सोशल मीडिया, फर्जी सिम, हवाला और नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर सख्ती जरूरी बताई गई है। जैमर और सीसीटीवी होने के बावजूद मोबाइल और प्रतिबंधित सामान जेलों तक पहुंचने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।

संसदीय समिति ने जेलों की सुरक्षा के लिए क्या सुझाव दिए थे?

चार साल पहले गृह मामलों की संसदीय स्थायी समिति की 242वीं रिपोर्ट में भी जेल कर्मचारियों और अस्पताल के स्टाफ की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट में कहा गया था कि जेलों में मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान पहुंचाने में कर्मचारी शामिल हो सकते हैं। समिति ने केंद्र और राज्यों के लिए कई सुझाव दिए थे।


  • जेलों में मोबाइल नेटवर्क रोकने के लिए जैमर लगाए जाएं।

  • प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर और सामान की जांच के लिए स्कैनर लगाए जाएं।

  • कर्मचारियों के शरीर पर कैमरे और जेलों में सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था हो।

  • कैदियों की पेशी जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराई जाए।

  • जेल कर्मचारियों का नियमित अंतराल पर तबादला किया जाए, ताकि कैदियों से उनकी सांठगांठ न बन सके।


छह देशों से कैसे चल रहा है भारतीय जेलों में बंद अपराधियों का नेटवर्क?


एनआईए लंबे समय से इस नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश कर रही है। वर्ष 2023 में एजेंसी ने खालिस्तानी विचारधारा के समर्थकों, आतंकियों, नशे के तस्करों और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगियों के ठिकानों पर देशभर में छापेमारी की थी। इस कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि अमेरिका, मलेशिया, पाकिस्तान, फिलीपीन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में बैठे अपराधी भारत में अपने नेटवर्क के जरिए गतिविधियां चला रहे हैं। उनके संपर्क भारतीय जेलों में बंद कैदियों से भी हैं। इस नेटवर्क के जरिए टारगेट किलिंग, अपराध के लिए पैसा जुटाना, हथियारों का इंतजाम, नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री, हवाला और उगाही जैसे काम किए जाते हैं। ऐसे में जेलों के भीतर मोबाइल और प्रतिबंधित सामान की पहुंच रोकना एनआईए और राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

By admin