इमेज स्रोत, Reuters
चीन ने बुधवार को शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन लॉन्च किया और बाद में इसे ‘पूरी तरह सफल’ घोषित कर दिया.
जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर में मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने मिशन की सफलता की पुष्टि की.
बीजिंग एयरोस्पेस कंट्रोल सेंटर के उड़ान आंकड़ों और रिपोर्ट के मुताबिक़, शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान को तय ऑर्बिट में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया है. अंतरिक्ष यान सामान्य रूप से काम कर रहा है.
इस मिशन के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पहुंचाया जाएगा.
इनमें पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद ज़ीशान अली भी शामिल हैं. वह तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी नागरिक होंगे.
दरअसल, चीन और पाकिस्तान ने पिछले साल अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे.
इमेज स्रोत, Reuters
न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, मुहम्मद ज़ीशान अली तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर क़रीब एक हफ़्ते तक रहेंगे. यह अवधि चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के सामान्य छह महीने के मिशन की तुलना में काफ़ी कम है.
ज़ीशान अली ने अपने मिशन को लेकर कहा है कि वह ‘अपने कंधों पर पाकिस्तान का नाम और 25 करोड़ पाकिस्तानियों की उम्मीदें’ लेकर अंतरिक्ष में जा रहे हैं.
गौरतलब है कि चीन अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपनी ताक़त बढ़ाने के लिए अमेरिका के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है.
साल 2024 में चीन ने चांद के एक हिस्से से पहली बार मिट्टी और चट्टानों के सैंपल धरती पर लाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. चीन का लक्ष्य 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर उतारना है.