भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे में विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले से पुराने दिनों की याद दिला दी। ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले में कोहली ने 51 गेंदों पर 74 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। भारत ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस (DLS) नियम के तहत मिले 143 रन के लक्ष्य को 22.4 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ ही कोहली ने कई बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियां भी अपने नाम कीं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में रिकी पोंटिंग की बराबरी की। वहीं, वनडे में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा शुभमन गिल के साथ उनकी साझेदारी ने भी एक खास रिकॉर्ड बनाया। कोहली ने इस मुकाबले में एक और उपलब्धि हासिल की, जो उनके आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज को दर्शाती है।