इमेज स्रोत, Reuters
रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म कराने की एक और कोशिश में अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस और यूक्रेन का दौरान करने वाले हैं.
इस दौरे का मक़सद रूस और यूक्रेन को युद्धविराम समझौते तक लाना है.
दौरों के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “वे युद्ध ख़त्म करने का प्रस्ताव लेकर जा रहे हैं.”
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेंलेंस्की ने पुष्टि की है कि वह रविवार को दोनों अमेरिकी दूतों से मुलाक़ात करेंगे. इससे पहले शनिवार को दोनों अमेरिकी दूत मॉस्को जाकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करेंगे.
विटकॉफ और कुशनर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से शांति समझौता कराने के प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं. हालांकि, दोनों युद्धरत पक्षों के बीच अभी भी बड़ा मतभेद बना हुआ है.
ट्रंप के दामाद कुशनर और विटकॉफ कई बार रूस का दौरा कर चुके हैं, लेकिन प्रस्तावित बातचीत यूक्रेन में उनकी पहली यात्रा होगी.
जेलेंस्की ने कहा कि वह अमेरिकी दूतों की यात्रा के दौरान रूसी हवाई क्षेत्र की सुरक्षा की गारंटी देंगे और रूस से भी यूक्रेन के लिए ऐसा ही करने की अपील की.