राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के करीबी भाजपा नेता प्रोसेनजीत मंडल पर पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा इलाके में हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों ने उन्हें घेरकर बंदूक की बट से मारा और साथ ही लाठियों से भी पिटाई की। जानकारी के अनुसार, प्रोसेनजीत मंडल ने बताया कि वह दक्षिण चचियारा रोड से गुजर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने उनके सिर पर बंदूक की बट से वार किया और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। इसके साथ ही बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। वह किसी तरह वहां से निकलकर भागने में सफल रहे।
तृणमूल कांग्रेस पर हमले का आरोप
मामले को लेकर भाजपा नेता ने पांशकुड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में शेख आलमगीर, शेख जहीरुल इस्लाम, कमाल हुसैन और गुरुपद मुंशी समेत कई लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।
प्रोसेनजीत का आरोप है कि सभी आरोपित तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने राजनीतिक गतिविधियां जारी रखीं तो उनका भी वही हाल होगा जो हाल में मारे गए मुख्यमंत्री के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ का हुआ था। इस धमकी के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान भवानीपुर क्षेत्र में प्रचार करने पर भी उन्हें चेतावनी दी गई थी। अब दोबारा हुए हमले से उनके समर्थकों में नाराजगी है।
उधर, भाजपा ने घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। पार्टी के नेताओं का आरोप है कि चुनाव बाद विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।