कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपने जीवन के उस दौर की यादें साझा की हैं, जब राजनीति और सत्ता उनके जीवन का हिस्सा नहीं थीं। उस समय उनकी दुनिया राजीव गांधी के साथ प्रेम, मुलाकातों और छोटी-छोटी खुशियों तक सीमित थी। इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाना, कैंब्रिज में साथ बिताए बेफिक्र दिन और दूर रहते हुए रोजाना एक-दूसरे को प्रेम पत्र लिखना। सोनिया ने अपनी नई किताब के विमोचन के दौरान राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते के कई ऐसे निजी किस्से सुनाए, जिन्हें सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी पुरानी यादों में खो गए।
सोमवार को दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का आधिकारिक विमोचन हुआ। इस दौरान हार्पर कॉलिन्स इंडिया की कार्यकारी प्रकाशक पौलोमी चटर्जी ने उनसे राजीव गांधी के साथ प्रेम को जादुई बताने के बारे में पूछा। सोनिया ने इससे सहमति जताई और पहली मुलाकात, कैंब्रिज में बिताए दिनों और शादी से पहले के रिश्ते के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जब राजीव भारत लौट आए थे और वह इटली चली गई थीं, तब दोनों रोज एक-दूसरे को पत्र लिखते थे।
राजीव और सोनिया रोज एक-दूसरे को कैसे लिखते थे प्रेम पत्र?
सोनिया ने बताया कि अलग-अलग देशों में रहने के दौरान दोनों रोजाना एक-दूसरे को चिट्ठियां लिखते थे। उस समय पत्र पहुंचने में काफी समय लगता था, इसलिए वे अपनी चिट्ठियों पर नंबर भी डालते थे, ताकि पता चल सके कि कौन सा पत्र पहले लिखा गया था। सोनिया ने उस दौर को अपने जीवन का बेहद खास समय बताया। उनके मुताबिक, दूरी के बावजूद दोनों का रिश्ता इन पत्रों के जरिए लगातार मजबूत होता रहा।
इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने की क्या थी खास याद?
सोनिया ने राजीव गांधी के साथ दिल्ली में बिताए शुरुआती वैवाहिक जीवन को बेहद शांत और अच्छा बताया। उस समय राजीव सिकंदराबाद में पायलट बनने की ट्रेनिंग ले रहे थे। उनके उड़ान कार्यक्रम के कारण सप्ताह में केवल दो उड़ानें होती थीं। सोनिया कभी-कभी उनके साथ जाती थीं और राजीव के पायलट दोस्तों से भी मिलती थीं। दिल्ली में दोनों इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने जाया करते थे। सोनिया ने हंसते हुए कहा कि उन दिनों यही उनका एकमात्र मनोरंजन था। उन्होंने वहां आइसक्रीम बेचने वाले एक पसंदीदा सरदारजी को भी याद किया। कई बार पैसे कम पड़ने पर दुकानदार अगले दिन पैसे देने की छूट दे देते थे और कहते थे कि कोई बात नहीं, कल आ जाना।
शादी से पहले सोनिया के पिता क्यों थे नाराज?
सोनिया ने बताया कि राजीव बार-बार उनसे पूछते थे कि क्या उन्होंने अपने माता-पिता को रिश्ते के बारे में बताया है। लेकिन सोनिया के लिए यह आसान नहीं था, क्योंकि उनके पिता काफी सख्त स्वभाव के थे। आखिरकार राजीव ने खुद उनके पिता से बात की। उस दौरान दोनों परिवारों की सहमति का इंतजार काफी तनाव भरा रहा। बाद में सोनिया के पिता ने रिश्ते को मंजूरी देते हुए उनसे कहा था कि लड़के की आंखों में देखकर तुम उसके व्यक्तित्व को समझ सकती हो।
शादी के लिए सोनिया के पिता ने रखी थी कौन सी शर्त?
सोनिया ने बताया कि उस समय इटली के कानून के अनुसार शादी करने के लिए उनकी उम्र 21 साल होना जरूरी था। उनके पिता ने उन्हें इटली लौटने के लिए वापसी का टिकट भी दिया था, ताकि वह वहां जाकर आगे के हालात देख सकें। हालांकि, सोनिया ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह कभी वापस नहीं गईं। कार्यक्रम में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। इनमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, कर्नाटक के डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद थे। सोनिया की किताब व्यक्तिगत जीवन और प्रेम की कहानी है, जिसमें राजनीति को मुख्य विषय के बजाय पृष्ठभूमि के रूप में रखा गया है।