इमेज स्रोत, ANI
पढ़ने का समय: 7 मिनट
डीलिमिटेशन बिल का समर्थन कर रहे डीएमके चीफ़ एमके स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचीं सोनिया गांधी और राहुल गांधी का मिशन नाकाम हो गया है.
दोनों पक्षों की बातचीत में सुलह नहीं हो पाई. सोनिया गांधी, राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक के बाद डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमारा रुख़ ये है कि अगर परिसीमन बिल गिर जाता है तो तमिलनाडु के पास न्यूनतम सुरक्षा का जो प्रावधान है, वह भी ख़त्म हो जाएगा.”
उन्होंने कहा कि डीएमके के पास परिसीमन बिल का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है, क्योंकि तमिलनाडु के राजनीतिक दलों के लिए यह ‘करो या मरो’ की स्थिति है.
स्टालिन ने कहा, “इंडिया गठबंधन के नेताओं के पास कोई उचित विकल्प नहीं है.”
इससे पहले डीएमके की आईटी विंग ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा था कि पार्टी अपने रुख़ पर कायम है.
पार्टी की आईटी विंग ने लिखा, “सोनिया गांधी की पहल नाकाम रही. डीएमके निष्पक्ष परिसीमन के अपने रुख़ पर पहले की तरह अडिग है.”
स्टालिन बोले, ‘तमिलनाडु फर्स्ट’
इमेज स्रोत, ANI
नेताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए एमके स्टालिन ने कहा, “सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, एमए बेबी और तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आज मुझसे मुलाकात की. उन्होंने अपनी मांगें मुझे बताईं.”
”मैंने उन्हें बताया कि डीएमके की मांगें नए बिल में शामिल कर ली गई हैं. उन्होंने कुछ अन्य मुद्दों पर भी बात की. हमने उनकी बात सुनी. अब, अगर यह बिल ख़ारिज हो जाता है, तो तमिलनाडु की राजनीतिक मजबूती की न्यूनतम सुरक्षा भी खत्म हो जाएगी. हमारे पास इसे रोकने या टालने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत नहीं है.”
उन्होंने कहा, “1971 के बाद जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का कोई भी पुनर्गठन तमिलनाडु को प्रभावित करेगा. दक्षिणी राज्य भी प्रभावित होंगे. दक्षिणी भारत के पार्टियों के लिए यह जीवन-मरण का संघर्ष है. इसलिए, हमारे पास विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है.’
”बैठक में जो नेता थे उनके पास कोई वैकल्पिक योजना नहीं है. हमें अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु की राजनीतिक ताक़त की रक्षा करनी है. हम इस मामले में कोई जोख़िम भरा फ़ैसला नहीं ले सकते.”
जब एक पत्रकार ने स्टालिन से पूछा कि क्या इस बैठक के बाद गठबंधन के रुख में कोई बदलाव आएगा, तो उन्होंने कहा, “आज, कल और हमेशा के लिए हमारा एकमात्र रुख़ यही है कि तमिलनाडु हमारी प्राथमिकता है.तमिलनाडु फर्स्ट! “
स्टालिन ने कहा कि डीएमके ने तमिलनाडु और तमिल लोगों के कल्याण को सबसे ऊपर रखा है. वो इससे कभी समझौता नहीं करेंगे.
राहुल गांधी ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “हमने डीमिलिटेशन बिल पर अपने विचार एमके स्टालिन को बता दिए हैं. अगर यह बिल पारित हो जाता है तो न केवल पूरा भारत बल्कि दक्षिण भारत, विशेष रूप से तमिलनाडु, प्रभावित होगा.”
”अगर बीजेपी अपनी इच्छानुसार संसद को 850 सीटों में पुनर्गठित करती है, तो भारत में लोकतंत्र का अंत हो जाएगा. इसलिए, डीएमके को बीजेपी को अपनी मनमानी करने की इजाज़त नहीं देनी चाहिए. एमके स्टालिन को तमिलनाडु की रक्षा करनी चाहिए.”
दरअसल रविवार को सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने चेन्नई पहुंचे थे.

स्टालिन ने राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया. स्टालिन ने सोनिया गांधी समेत सभी नेताओं का अपने घर के दरवाजे पर स्वागत किया.
लेकिन दोनों ओर की बातचीत के बाद स्टालिन ने परिसीमन बिल पर अपना पुराना रुख़ बरकरार रखा. उनकी पार्टी डीएमके ने बिल का समर्थन करने की बात कही थी.
स्टालिन ने कहा था कि डीएमके ने तमिलनाडु और तमिल लोगों के कल्याण को सर्वोपरि ध्यान में रखते हुए हर निर्णय लिया है और वे इस मार्ग पर कभी समझौता नहीं करेंगे.
रविवार सुबह चेन्नई के लिए रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पत्रकारों के सवाल पर केवल इतना कहा था कि ‘देखेंगे.’
राहुल गांधी ने भी एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा था वह डीएमके के वरिष्ठ नेता एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं.
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री बनर्जी शनिवार रात दिल्ली पहुंची थीं. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि उन्हें जल्दी दिल्ली आने को कहा गया था.
ममता बनर्जी अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के साथ चेन्नई पहुंची थीं.
बीबीसी मराठी के मुताबिक़ चेन्नई में स्टालिन से मुलाक़ात के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता मुंबई में शरद पवार से भी मुलाक़ात करेंगे.
शरद पवार के गुट वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने परिसीमन विधेयक के पक्ष में मतदान करने की घोषणा की है.
राहुल गांधी ने डीलिमिटेशन पर पहले क्या कहा था
इमेज स्रोत, Congress
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने डीलिमिटेशन बिल को लेकर एक्स पर लिखा, था, “लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना भारत में लोकतंत्र को खत्म कर देगा. इससे बीजेपी-आरएसएस को अपने फ़ायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की खुली छूट मिल जाएगी.”
“भाई स्टालिन हमेशा से तमिल विरोधी ताकतों के ख़िलाफ़ मजबूती से खड़े रहे हैं. राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए हमें मिलकर इस विधेयक को हराना होगा.”
शिवसेना यूबीटी ने क्या कहा
इधर, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए बताया था, “इंडिया गठबंधन और महा विकास अघाड़ी ने अपना संघर्ष नहीं छोड़ा है. मल्लिकार्जुन खड़गे आज मुंबई आ रहे हैं. राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी वहां मौजूद रहेंगे.”
“लोकतंत्र की लड़ाई और देश को बचाने का संघर्ष अंतिम क्षण तक जारी रहेगा.”
शरद पवार को लेकर राज ठाकरे ने शनिवार को सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “मैंने 2 जुलाई, 2023 को ही इस बारे में कहा था, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का एक धड़ा अलग होकर बीजेपी के साथ जाने लगा था.”
“इसके बाद अगले तीन साल तक एनसीपी के दोनों धड़ों ने आपसी टकराव का ऐसा नाटक किया, जो काफ़ी विश्वसनीय लगता था. और अब, जैसा कि मैंने पहले ही अनुमान लगाया था, एक और धड़ा सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की कोशिश में आगे बढ़ रहा है.”
“मैंने एक बार कहा था कि यह सब शरद पवार के ‘जंतर-मंतर’ का हिस्सा हैं. इस खेल को वास्तव में बहुत कम लोग समझते हैं. खैर.”
शनिवार को हुई थी इंडिया गठबंधन की बैठक
इमेज स्रोत, X/@INCIndia
शनिवार को नई दिल्ली में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई थी
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के पी. संतोष कुमार, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के ई. टी. मोहम्मद बशीर और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई अन्य नेता शामिल हुए थे.
बैठक में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे.
इस बैठक के लिए डीएमके, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजेडी) को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन इन दलों ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया.
हालांकि, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी संसद के दोनों सदनों में इस विधेयक का कड़ा विरोध करेगी. उन्होंने इसे ‘बीजेपी की जीत का विधेयक’ बताया था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.