इमेज स्रोत, Getty Images
अत्यधिक संक्रामक बीमारी के दुनियाभर में दोबारा फैलने के बाद, 25 साल से अधिक समय में पहली बार अमेरिका ने खसरा (मिज़िल्स) उन्मूलन का दर्जा खो दिया है.
साल 2025 में भारत, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, यूक्रेन, नाइजीरिया और इथियोपिया समेत 57 देशों में खसरे के बड़े प्रकोप दर्ज किए गए.
विशेषज्ञों का कहना है कि मामलों में बढ़ोतरी का सीधा संबंध टीकाकरण की घटती दरों से है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक़, साल 2019 में दुनियाभर के 86% बच्चों को खसरे के टीके की पहली खुराक दी गई थी, लेकिन साल 2025 तक यह आंकड़ा घटकर 84% हो गया.
हालांकि ये दोनों आंकड़े भी उस 95% टीकाकरण कवरेज से काफ़ी कम हैं, जो किसी आबादी में खसरे के प्रसार को रोकने के लिए ज़रूरी है.
टीकाकरण के प्रति हिचकिचाहट, टीकाकरण की कम दरों के पीछे एक प्रमुख कारण है. टीकों की सुरक्षा, उनके असर और उनके दुष्प्रभावों को लेकर चिंताएं ऑनलाइन ग़लत सूचनाओं के प्रसार से और बढ़ जाती हैं.
लंदन स्कूल ऑफ़ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन में बाल स्वास्थ्य की प्रोफेसर हेलेन बेडफोर्ड कहती हैं, “इंटरनेट और मीडिया के इस दौर में टीकाकरण से जुड़े मिथक, अफ़वाहें और चिंताएं बहुत तेज़ी से दुनियाभर में फैल सकती हैं.”
हालांकि, ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ हडर्सफ़ील्ड में निवारक स्वास्थ्य की शोधकर्ता सुज़ाना कोला-पामर का कहना है कि टीकाकरण को लेकर हिचकिचाने वाले लोगों को तुरंत टीका-विरोधी नहीं मान लेना चाहिए.
वह बीबीसी वर्ल्ड सर्विस से कहती हैं कि इसके बजाय, उनमें से कई लोग सिर्फ़ “आश्वासन चाहते हैं.”
तो वैज्ञानिक कैसे तय करते हैं कि कोई टीका सुरक्षित है और आप ऑनलाइन फैलाई जा रही ग़लत सूचनाओं की पहचान कैसे कर सकते हैं?
टीके कैसे काम करते हैं?

आज भी टीकों के विकास को चिकित्सा विज्ञान की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जाता है. डब्ल्यूएचओ का अनुमान है कि खसरा, टिटनेस, डिप्थीरिया और इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारियों से हर साल 35 लाख से 50 लाख लोगों की जान बचाने में टीके मदद करते हैं.
टीका शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) को किसी संक्रमण की पहचान करना और उससे लड़ना सिखाता है, ताकि वास्तविक संक्रमण के संपर्क में आने से पहले ही शरीर उससे निपटने के लिए तैयार हो जाए.
बेडफोर्ड बताती हैं, “टीके वास्तविक संक्रमण से गुज़रे बिना ही वह इम्यूनिटी दे देते हैं, जो आमतौर पर वास्तव में संक्रमण होने पर शरीर में विकसित होती है.”
उदाहरण के लिए, मम्प्स (गलसुआ), खसरा और रूबेला (एमएमआर) का टीका इन बीमारियों का कारण बनने वाले वायरस के कमज़ोर रूपों से तैयार किया जाता है. इसे शरीर में इंजेक्ट करने पर प्रतिरक्षा प्रणाली सक्रिय हो जाती है और भविष्य में वास्तविक संक्रमण के संपर्क में आने पर वह उसे पहचानकर तुरंत प्रतिक्रिया देती है.
हालांकि, सभी टीके एक ही तरह से काम नहीं करते.
मैसेंजर आरएनए (एमआरएनए) टीकों में आनुवंशिक निर्देशों का इस्तेमाल किया जाता है, जो अस्थायी रूप से कोशिकाओं को बिना नुक़सान वाले प्रोटीन बनाने के लिए कहते हैं.
यह प्रोटीन शरीर में इम्यून रेस्पॉन्स पैदा करता है. फाइज़र का कोविड-19 टीका एमआरएनए टीके का एक उदाहरण है.
टीकों का परीक्षण कैसे किया जाता है?
यह प्रक्रिया वैज्ञानिक शोध से शुरू होती है. इसमें यह देखा जाता है कि इस विषय पर क्षेत्र के दूसरे शोधकर्ताओं ने क्या काम किया है और वे किन निष्कर्षों पर पहुंचे हैं.
जब वैज्ञानिक किसी नए विचार का परीक्षण करने के लिए तैयार होते हैं, तो वे प्रयोगशाला में जांच शुरू करते हैं. जांच सबसे पहले कोशिकाओं पर और फिर जानवरों पर, जिनमें अक्सर चूहों का इस्तेमाल किया जाता है.
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के वैक्सीन नॉलेज प्रोजेक्ट के मुताबिक़, अगले चरण के परीक्षणों में जाने से पहले यह साबित करना ज़रूरी होता है कि परीक्षण किया जा रहा टीका जानवरों में इम्यून रेस्पॉन्स पैदा कर सकता है.
इसके बाद इंसानों पर परीक्षण किए जाते हैं, जिन्हें आमतौर पर तीन चरणों में बांटा जाता है.

फेज़ 1- पहले चरण में वॉलंटियर्स के एक छोटे समूह पर परीक्षण किया जाता है. इनमें आमतौर पर युवा और स्वस्थ वयस्क शामिल होते हैं. डब्ल्यूएचओ के मुताबिक़, इस चरण में सुरक्षा से जुड़ी किसी बड़ी चिंता और टीके की सही खुराक का पता लगाया जाता है.
फेज़ 2- दूसरे चरण में स्वयंसेवकों के एक बड़े समूह पर परीक्षण किया जाता है. इसमें आमतौर पर कई सौ लोग शामिल होते हैं, जो उस आबादी से होते हैं जिसके लिए टीका तैयार किया गया है.
उनकी तुलना ऐसे लोगों के एक समूह से की जाती है जिन्हें टीका नहीं दिया गया होता. इसे कंट्रोल ग्रुप कहा जाता है. डॉक्टर टीके के संभावित दुष्प्रभावों और शरीर की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया का अध्ययन करते हैं.
फेज़ 3- तीसरे चरण में इससे भी बड़े समूह पर टीके का परीक्षण किया जाता है. इसमें आमतौर पर हज़ारों वॉलंटियर्स शामिल होते हैं. साथ ही एक कंट्रोल ग्रुप भी रखा जाता है.
ये परीक्षण आमतौर पर अलग-अलग देशों में किए जाते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि टीका अलग-अलग उम्र, जातीयता (एथनेसिटी), सामाजिक पृष्ठभूमि और रहन-सहन वाले लोगों के बीच प्रभावी और सुरक्षित है.
किसी टीके को इन तीनों चरणों से गुज़रने में कई दशक भी लग सकते हैं. मेनबी के नाम से जाने जाने वाले मेनिंगोकोकल बीमारी के टीके को विकसित करने में क़रीब 15 साल लगे थे.
बेडफोर्ड कहती हैं, “जब आप किसी पूरी आबादी के स्वस्थ बच्चों को कोई टीका देने जा रहे होते हैं, तो आपको पूरी तरह आश्वस्त होना पड़ता है कि वह बहुत सुरक्षित है.”
हालांकि, असाधारण परिस्थितियों में सुरक्षा जांच से समझौता किए बिना टीकों को तेज़ी से विकसित और उनका परीक्षण किया जा सकता है.
उदाहरण के लिए, पहला कोविड-19 टीका एक साल से भी कम समय में विकसित कर लिया गया और इसके इस्तेमाल को मंज़ूरी मिल गई. इसके पीछे कई कारण थे. सबसे पहले, वैज्ञानिकों के पास कोरोना वायरस पर पहले से किए गए कई वर्षों के शोध का आधार था, जिससे उन्हें काम शुरू करने में बढ़त मिल गई.
महामारी के व्यापक स्तर और उसकी गंभीरता को देखते हुए आसानी से फंडिंग उपलब्ध कराई गई. वैज्ञानिकों को अनुदान के आवेदनों की मंज़ूरी के लिए सालों तक इंतज़ार नहीं करना पड़ा.
शोधकर्ताओं का यह भी कहना है कि कोविड टीके के परीक्षणों में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग तैयार थे. आमतौर पर परीक्षणों में शामिल होने के इच्छुक और उचित लोगों को ढूंढने में काफ़ी समय लगता है.
इसलिए, परीक्षण के एक चरण से दूसरे चरण के बीच कई साल इंतज़ार करने के बजाय, टीका विकसित करने वाले शोधकर्ता कम समय में सुरक्षा जांच के सभी चरण पूरे कर सके.
अगर सुरक्षा को लेकर चिंताएं सामने आएं तो क्या होता है?
इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images
टीका दिए जाने के बाद परीक्षण में शामिल लोगों के लक्षणों या किसी बीमारी की बारीकी से निगरानी की जाती है. टीका दिए जाने के बाद होने वाली ऐसी किसी भी स्वास्थ्य संबंधी घटना को प्रतिकूल घटना (एडवर्स इवेंट) कहा जाता है.
शोधकर्ता जांच करते हैं कि ये लक्षण टीके की वजह से हैं या इनका टीके से कोई संबंध नहीं है.
अगर जांच में पता चलता है कि मुंह सूखने या त्वचा पर चकत्ते पड़ने जैसे लक्षण टीके की वजह से हो रहे हैं, तो इसे दुष्प्रभाव कहा जाता है.
दुष्प्रभाव की गंभीरता और उससे होने वाले ख़तरे के आधार पर आगे की जांच के लिए परीक्षण को कुछ समय के लिए रोका जा सकता है या पूरी तरह बंद किया जा सकता है.
साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के यूक्यू/सीएसएल टीके जैसे कुछ कोविड-19 टीकों का विकास रोक दिया गया था, क्योंकि परीक्षण में शामिल लोगों के एचआईवी पॉजिटिव होने के गलत नतीजे सामने आए थे.
रिपोर्ट की गई सभी प्रतिकूल घटनाएं उन सबूतों का हिस्सा होती हैं, जिनकी नियामक संस्थाएं यह तय करते समय जांच करती हैं कि किसी टीके को आम लोगों के इस्तेमाल के लिए मंज़ूरी दी जानी चाहिए या नहीं.
डब्ल्यूएचओ जैसी संस्थाएं टीकों को लेकर वैश्विक सिफारिशें जारी करती हैं, लेकिन किसी टीके को अपनी आबादी में लागू करना है या नहीं, इसका फैसला संबंधित देश और उसकी नियामक संस्थाएं (रेग्युलेटरी बॉडीज़) करती हैं.
लगातार निगरानी
किसी टीके को आम लोगों के इस्तेमाल की मंज़ूरी मिलने के बाद भी उसकी निगरानी बंद नहीं होती. जिन लोगों को टीका दिया जाता है, उन्हें उसके किसी भी प्रतिकूल प्रभाव की जानकारी अपने देश की नियामक संस्था को देने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है.
कोई भी टीका पूरी तरह जोखिम-मुक्त नहीं होता. टीकों के आम दुष्प्रभावों में इंजेक्शन लगाने वाली जगह पर अस्थायी दर्द या सूजन, सिरदर्द, थकान और हल्का बुखार शामिल हो सकते हैं.
इससे भी गंभीर प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं, लेकिन डब्ल्यूएचओ का कहना है कि ऐसा बेहद कम मामलों में होता है.
बेडफोर्ड कहती हैं कि अहम सवाल यह है कि टीके से जुड़े ये जोखिम उस बीमारी के जोखिमों की तुलना में कितने हैं, जिससे बचाव के लिए टीका दिया जा रहा है.
उदाहरण के लिए, डब्ल्यूएचओ के मुताबिक़, खसरे के टीके से जुड़ी एक दुर्लभ लेकिन गंभीर प्रतिकूल घटना के रूप में दौरे पड़ने का ज़िक्र किया गया है. हालांकि, इसका जोखिम हर 3 हज़ार खुराक में से एक का है.
इसके मुक़ाबले, अध्ययनों के मुताबिक़, खसरे से संक्रमित हर एक हज़ार लोगों में से लगभग एक व्यक्ति को प्राथमिक एन्सेफलाइटिस (मस्तिष्क में सूजन) हो जाता है, जिसके कारण दौरे पड़ने जैसी जटिलताएं हो सकती हैं. गंभीर एन्सेफलाइटिस के मामलों में मृत्यु दर 10-15% और 20% तक होती है.
बेडफोर्ड बताती हैं, “टीकाकरण के बाद स्थायी रूप से दौरे पड़ने की समस्या होने की आशंका, प्राकृतिक रूप से खसरे के संक्रमण के बाद ऐसी समस्या होने की आशंका से कहीं कम होती है.”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार एमएमआर टीके पर सवाल उठाए हैं और यह सुझाव दिया है कि बचपन में दिए जाने वाले टीकों का ऑटिज़्म से संबंध हो सकता है.
उन्होंने बचपन में दिए जाने वाले टीकों की संख्या कम करने के लिए एक आदेश पर हस्ताक्षर किए और एमएमआर टीके की खुराकें अलग-अलग देने की सिफारिश की.
उनका दावा था कि जब बच्चों को कम टीके दिए जाते हैं, तो उनमें ऑटिज़्म की दर कम होती है.
लेकिन बड़े स्तर पर किए गए अध्ययनों में टीके और ऑटिज़्म के बीच कोई संबंध नहीं पाया गया है.
दरअसल, जिस अध्ययन से मूल रूप से ये आशंकाएं पैदा हुई थीं, उसे साल 2010 में मेडिकल जर्नल ‘द लैंसेट’ ने अमान्य घोषित कर वापस ले लिया था.
टीकों से जुड़ी ग़लत सूचनाओं की पहचान कैसे करें?
इमेज स्रोत, Getty Images
1. यह दावा कौन कर रहा है?
अपने सामने मौजूद व्यक्ति के बारे में सोचें, चाहे वह ऑनलाइन बात कर रहा हो या आमने-सामने. क्या उसकी चिकित्सा क्षेत्र में कोई पृष्ठभूमि है? टीकों के बारे में बात करने के लिए उसके पास क्या योग्यताएं हैं?
अगर वह कोई आम व्यक्ति है, तो क्या वह अपने दावे का स्रोत बताता है या यह जानकारी देता है कि उसे ये बातें कहां से मिली हैं?
2. क्या दूसरे लोग भी इस दावे का समर्थन करते हैं?
क्या ये दावे दूसरी जगहों पर भी दोहराए जा रहे हैं? उदाहरण के लिए, क्या अन्य शोध भी इन दावों की पुष्टि करते हैं?
कोला-पामर बताती हैं, “अगर अलग-अलग देशों, संस्थानों और पृष्ठभूमियों के विशेषज्ञ एक ही निष्कर्ष पर पहुंच रहे हैं, तो यह अक्सर किसी एक स्रोत की तुलना में कहीं अधिक भरोसा दिलाने वाला होता है.”
आप अपने दावों की जांच डब्ल्यूएचओ जैसे विश्वसनीय स्रोतों से भी कर सकते हैं. डब्ल्यूएचओ दुनियाभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञों को एक साथ लाता है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपनी सलाह देता है.
3. स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बात करें
विशेषज्ञों की सलाह है कि टीकों को लेकर किसी भी तरह की चिंता का समाधान सोशल मीडिया पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय भरोसेमंद स्वास्थ्य पेशेवरों से बात करके करना चाहिए.
हालांकि, कोला-पामर बताती हैं कि टीकाकरण को लेकर लोगों के फैसले लेने में भरोसे की अहम भूमिका होती है.
वह कहती हैं, “सवाल शायद यह कम है कि क्या आप टीके पर भरोसा करते हैं, बल्कि इससे भी बुनियादी सवाल यह है कि क्या आप उन लोगों पर भरोसा करते हैं, जो आपको बता रहे हैं कि टीका सुरक्षित है?”
इन आश्वासनों को परखने का एक तरीका यह है कि आप खु़द इसके पीछे मौजूद वैज्ञानिक साक्ष्यों को समझें. यानी यह जानें कि टीके कैसे काम करते हैं और मंज़ूरी मिलने से पहले उन्हें किन-किन सुरक्षा जांचों से गुज़रना पड़ता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.