• Thu. Nov 12th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘होटल, जमीन और लग्जरी पानी का जहाज जब्त’, अंडमान में घोटालेबाजों की 121 करोड़ की काली कमाई पर ईडी का बुलडोजर

Byadmin

Nov 12, 2026


पीटीआई, नई दिल्ली। ईडी ने अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में करीब 500 करोड़ रुपये के सहकारी बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 121.35 करोड़ रुपये की 40 संपत्तियां कुर्क की हैं। इनमें क्रोएशिया से आयात किए गए दो सेमी-सबमरीन पर्यटक जहाज, एक होटल, जमीन के भूखंड और बैंक जमा शामिल हैं।

ईडी ने बुधवार को बताया कि मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत पांच नवंबर को कुर्की का अस्थायी आदेश जारी किया गया था। इसमें 35 अचल और पांच चल संपत्तियां शामिल हैं।

एजेंसी ने छह नवंबर को पोर्ट ब्लेयर स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में इस मामले में नया आरोपपत्र भी दाखिल किया है।

इस मामले में पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता कुलदीप राय शर्मा प्रमुख आरोपितों में शामिल हैं। वह अंडमान एवं निकोबार राज्य सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। ईडी ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद आरोपपत्र दाखिल किया था।

कुर्क संपत्तियों में जाय ग्रैंड होटल की जमीन और इमारत के अलावा करीब 2.11 करोड़ रुपये में क्रोएशिया से आयात किए गए दो सेमी-सबमरीन पर्यटक जहाज शामिल हैं। ये जहाज अंडमान एस्केपेड्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर पंजीकृत हैं।

ईडी का आरोप है कि कुलदीप राय शर्मा ने बैंक अधिकारियों और सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनियों के माध्यम से नियमों के विरुद्ध ऋण स्वीकृत कराए और रकम का दुरुपयोग किया।

एजेंसी के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 326 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। दो आरोपपत्रों में कुल 52 आरोपितों के नाम शामिल हैं।

 

By admin