• Sun. Oct 11th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

15 अक्टूबर तक पूरे देश से विदा हो सकता है मानसून, 2011 के बाद सबसे जल्दी होगी विदाई

Byadmin

Oct 11, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 अक्टूबर के आसपास पूरे देश से विदा हो सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह हाल के वर्षों में मानसून की सबसे जल्दी होने वाली विदाई में से एक होगी। इसके साथ ही दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत होने की भी संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग और मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट ने इसकी पुष्टी की है।

आईएमडी के अनुसार, 15 से 21 अक्टूबर के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूर्ण वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की उम्मीद है। पूर्वोत्तर मानसून के आगमन के साथ प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वी तट के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश होने की संभावना है।

वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और केरल में कुछ दिनों के लिए भारी बारिश हो सकती है। इस अवधि के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है, जबकि उत्तर-पश्चिम, पूर्व और उत्तर-पूर्व भारत में सामान्य से कम रह सकती है।

क्या है मानसून वापसी की मौजूदा स्थिति?

स्काईमेट वेदर सर्विसेज के अध्यक्ष जी.पी. शर्मा ने बताया कि 19 सितंबर से शुरू हुई मानसून की वापसी अब अंतिम चरणों में है। वर्तमान में मानसून की वापसी रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है।

देश के पश्चिमी हिस्से से विदाई लगभग पूरी हो चुकी है, हालांकि बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश जारी है।

13 अक्टूबर तक दक्षिण प्रायद्वीप, मध्य और पूर्वी भारत के शेष हिस्सों से भी मानसून विदा हो सकता है, जिसके बाद केवल मिजोरम और त्रिपुरा ही इसके प्रभाव में रहेंगे। इसके अगले 48 घंटों के भीतर पूरे देश से मानसून की पूर्ण विदाई हो सकती है।

क्या हैं पहले का रिकॉर्ड?

दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई और पूर्वोत्तर मानसून का आगमन एक साथ या 48 घंटों के भीतर हो सकता है। जब वापसी रेखा प्रायद्वीप पर लगभग 15° उत्तरी अक्षांश (15°N) तक पहुंच जाती है और मानसूनी हवाएं देश के बाकी हिस्सों से हट जाती हैं, तब विदाई को पूर्ण माना जाता है। 15°N अक्षांश से नीचे सुदूर दक्षिणी प्रायद्वीप में पूर्वोत्तर मानसून की आधिकारिक घोषणा से पहले ही बारिश शुरू हो सकती है।

यदि आईएमडी 15 अक्टूबर के आसपास विदाई की घोषणा करता है, तो यह पिछले डेढ़ दशक की सबसे तेजी से हुई विदाई के रिकॉर्ड से मेल खाएगा। इससे पहले वर्ष 2024 में 15 अक्टूबर, 2025 में 16 अक्टूबर और 2023 में 19 अक्टूबर को मानसून पूरी तरह विदा हुआ था।

By admin