• Mon. Nov 16th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

73 की उम्र और दिल की सर्जरी… तेलंगाना के डीवी शंकर राव ने विश्व मास्टर्स पावरलिफ्टिंग में जीते दो पदक

Byadmin

Nov 16, 2026


डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। 73 वर्षीय डीवी शंकर राव ने अमेरिका के नेवादा स्थित रेनो में विश्व मास्टर्स पावरलिफ्टिंग में दो पदक जीतकर साबित किया कि उम्र और बीमारी उपलब्धियों की राह नहीं रोक सकती।

59 वर्ष की उम्र में दिल की बाईपास सर्जरी करा चुके तेलंगाना के इस पूर्व बैंकर ने चैंपियनशिप के मास्टर्स-4, 74 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने 15 अक्टूबर को क्लासिक डिवीजन में ओवरआल कांस्य और 22 अक्टूबर को इक्विप्ड डिवीजन में ओवरआल रजत पदक जीता।

एक साल पहले जीता था गोल्ड

तेलंगाना के भद्राचलम के निवासी शंकर राव एक वर्ष पहले राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि 73 वर्ष की उम्र में विश्व मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर दो अंतरराष्ट्रीय पदक जीतना अविस्मरणीय पल था।

भद्राचलम के विधायक टेल्लम वेंकट राव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर शंकर राव की उपलब्धि को ‘मन की बात’ में “स्वस्थ बुजुर्ग अवस्था, सशक्त भारत” विषय के तहत शामिल करने की सिफारिश की है।

2013 में हुए थे रिटायर

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में अधिकारी रहे शंकर राव जुलाई 2013 में सेवानिवृत्त हुए थे। सितंबर 2012 में उनकी कोरोनरी आर्टरी बाईपास सर्जरी हुई थी। सुबह की सैर के दौरान मिले एक दोस्त ने उन्हें जिम प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में सर्जरी के कारण वह हिचकिचाए और परिवार व डाक्टरों को भी चिंता थी। बाद में जिम आने वाले कुछ डाक्टरों ने सुझाव देकर उनका हौसला बढ़ाया।

By admin