• Sun. Aug 2nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

IIT गुवाहाटी के छात्रा की ब्रह्मपुत्र नदी में डूबने से मौत, साथी को बचाया गया सुरक्षित

Byadmin

Aug 2, 2026


डिजिटल डेस्क, दिसपुर। असम में आईआईटी गुवाहाटी की एक छात्रा की शनिवार को ब्रह्मपुत्र नदी में दुर्घटनावश गिरने से मौत हो गई, जबकि उसकी एक साथी घायल हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों छात्राएं कैंपस के बाहर नदी के किनारे समय बिताने गई थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वे नदी में गिर गईं।

घटना की जानकारी तुरंत एनडीआरएफ को दी गई, जिसके बाद गोताखोरों की टीम को तलाशी अभियान के लिए तैनात किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने 10 मिनट के भीतर एक छात्रा को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

हालांकि, दूसरी छात्रा को नहीं बचाया जा सका और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसका शव बरामद किया। पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना पूरी तरह से एक हादसा प्रतीत होती है।

आईआईटी गुवाहाटी ने जताया गहरा दुख

इस दुखद घटना पर आईआईटी गुवाहाटी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर गहरा शोक व्यक्त किया है। संस्थान ने बताया कि मृतका इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग की बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा थी और यह दर्दनाक हादसा कल शाम लाठिया बागीचा घाट के पास हुआ।

संस्थान ने अपने बयान में कहा कि यह उनके समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आईआईटी गुवाहाटी ने शोक संतप्त परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

आईआईटी गुवाहाटी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस फिलहाल इस घटना की औपचारिक जांच कर रही है ताकि हादसे की सटीक परिस्थितियों और कारणों का पता लगाया जा सके। प्रशासन और पुलिस की टीमें आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।

By admin