डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फ्रेंडशिप डे पर ‘Gen Z’ अवतार दिखाया। उन्होंने K-Pop स्टाइल में फिंगर हार्ट बनाकर शुभकामनाएं दीं और एक वीडियो शेयर कर कहा कि वे युवाओं से रोज कुछ नया सीख रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर करते हुए राहुल ने लिखा, अभी भी स्टूडेंट हूं, हर दिन कुछ नया सीख रहा हूं। आज का सबक, यह फ्रेंडशिप डे है और यह एक दिल है। सभी को हैप्पी फ्रेंडशिप डे। ढेर सारा प्यार।
बार-बार कर रहे हैं ‘Gen Z’ का जिक्र
पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार सोशल मीडिया, अनौपचारिक बातचीत और विशेष अभियानों के जरिए युवाओं से जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हाल ही के महीनों में उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर बातचीत की। इसके साथ ही वे अपने भाषणों और सोशल मीडिया पोस्ट में बार-बार Gen Z का जिक्र कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने छात्रों से बातचीत कर करिया, चिंता, शिक्षा और लोकतंत्र जैसे विषयों पर भी वीडियो शेयर किए हैं। वहीं छात्रों की गूंज अभियान के दौरान उन्होंने युवाओं से परीक्षा में गड़बड़ियां और भर्ती के मुद्दों पर आवाज उठाने की अपील की।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि जिंदगी में कुछ भी सीधा नहीं है, और उन्हें लचीला व मजबूत बने रहने की हिम्मत दी। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए फ्रेंडशिप डे पर राहुल गांधी ने ‘फिंगर हार्ट’ सिंबल का इस्तेमाल किया।
क्या है K-Pop स्टाइल हार्ट
यह एक बेहद लोकप्रिय जेस्चर है, जिसकी शुरुआत दक्षिण कोरिया से हुई थी। K-Pop व K-ड्रामा के जरिए यह पूरी दुनिया में ट्रेंड बन चुका है। इसमें अंगूठे और इंडेक्स फिंगर को क्रॉस कर एक छोटा सा दिल बनाया जाता है। इसका इस्तेमाल प्यार, शुक्रिया और दोस्ती जताने के लिए होता है।
इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और X पर युवा यूजर्स के बीच यह काफी लोकप्रिय है।