• Wed. Jun 10th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Pm Modi New Record:प्रधानमंत्री का नया कीर्तिमान, उपराष्ट्रपति समेत देश-दुनिया से बधाई संदेश; किसने क्या कहा? – Narendra Modi New Record Surpass Pt Nehru Bjp Nda Leaders And Others React Indian Pm Global Greetings Updates

Byadmin

Jun 10, 2026


10:45 AM, 10-Jun-2026

मालदीव के राष्ट्रपति ने भी पीएम मोदी को दी बधाई

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि की तारीफ की और दोनों देशों के बीच लगातार आपसी सहयोग के महत्व पर जोर दिया। मालदीव के राष्ट्रपति ने कहा, ‘भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यकाल पूरा करने पर महामहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई’। उन्होंने आगे कहा, ‘मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है’।

प्रधानमंत्री मोदी ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिनों के कार्यकाल के साथ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस तुलना के लिए नेहरू के 1952 के बाद के कार्यकाल को आधार माना गया है, क्योंकि देश में पहले आम चुनाव होने से पहले, 1947 से 1952 के बीच वे अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 14 साल से ज़्यादा समय तक पद संभाला था, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था। इस वजह से मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने 2014 में अपने पहले शपथ ग्रहण समारोह से लेकर 2019 में लगातार दूसरी बार और 2024 में ऐतिहासिक रूप से लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल करने तक सेवा की है।

10:42 AM, 10-Jun-2026

यह शानदार उपलब्धि अटूट भरोसे और विश्वास का प्रतीक- नाइजीरियाई राष्ट्रपति

नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने भी एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी को इस ऐतिहासिक मील के पत्थर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय जनता के उनके नेतृत्व में लगातार तीन जनादेशों के माध्यम से जताए गए भरोसे को दर्शाती है। टिनुबू ने अपने संदेश में लिखा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता हूं। यह शानदार उपलब्धि उस अटूट भरोसे और विश्वास को दर्शाती है जो भारत की जनता ने लगातार तीन कार्यकालों में उनके नेतृत्व पर जताया है। जन-सेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्रीय विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और वैश्विक मंच पर उनका प्रभावशाली नेतृत्व दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता रहता है।

उन्होंने आगे लिखा कि नाइजीरिया के एक अच्छे दोस्त होने के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी मेरे व्यक्तिगत मित्र और भरोसेमंद सहयोगी भी हैं, जिन पर मैं हमेशा भरोसा कर सकता हूं। इतने वर्षों में, मैंने उनकी समझदारी, साहस और अपने देश की प्रगति और समृद्धि के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की गहराई से सराहना की है। नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि नाइजीरिया के राष्ट्रीय सम्मान ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ के एक प्रतिष्ठित प्राप्तकर्ता के रूप में, उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के संबंधों को मजबूत करने में भी बहुत बड़ा योगदान दिया है। नाइजीरिया की सरकार और जनता की ओर से, मैं प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, समझदारी और सफलता की कामना करता हूं, ताकि वे भारत को और भी ऊंचाइयों तक ले जा सकें।

 

10:36 AM, 10-Jun-2026

अमेरिकी राजदूत ने पीएम मोदी को दी बधाई

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी को बधाई दी। सर्जियो गोर ने पोस्ट में लिखा, ‘भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई। यह उपलब्धि दशकों की उनकी समर्पित जन-सेवा और नेतृत्व का एक सशक्त प्रमाण है! उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं’।

10:33 AM, 10-Jun-2026

गृह मंत्री अमित शाह ने गिनवाई प्रधानमंत्री की उपलब्धियां

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, ‘देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जनता की सेवा करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पीएम मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मोदी जी के यह 12 वर्ष भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने के रहे हैं’। अमित शाह ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘नई संसद का निर्माण हुआ, तीन नए कानून लागू हुए, नई शिक्षा नीति और मातृभाषाओं में मेडिकल व इंजीनियरिंग शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ व आत्मनिर्भर भारत हर भारतीय का संकल्प बना। इन 12 वर्षों में एक तरफ देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं, कश्मीर से 370 समाप्त हुई, राम मंदिर का निर्माण हुआ, नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर नकेल कस हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया, वहीं देश की सामूहिक शक्ति ने हीनता के भाव से बाहर निकलकर अपनी विरासत, संस्कृति और सामर्थ्य पर गर्व करना सीखा’। अमित शाह ने कहा कि देशवासियों को सुरक्षित बनाना और उनके खोए हुए आत्मसम्मान व गौरव को लौटाना मोदी जी की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आज नया भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व के हर मंच पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है और दुनिया एक सक्षम, सशक्त तथा नए भारत के उदय की साक्षी बन रही है।

10:31 AM, 10-Jun-2026

यह ऐतिहासिक पड़ाव सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक- बिरला

प्रधानमंत्री की उपलब्धि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह ऐतिहासिक पड़ाव भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ‘आज प्रधानमंत्री और लोकसभा में सदन के नेता नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्र भारत के इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक अवधि तक निरंतर सेवा का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह ऐतिहासिक पड़ाव भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक है’। उन्होंने आगे लिखा, ‘इस अवधि में संवैधानिक मूल्यों, संसदीय लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं को स्वस्थ संसदीय प्रक्रियाओं व परंपराओं के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री को इस विशिष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। राष्ट्र की निरंतर प्रगति, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए उनके नेतृत्व को मेरी मंगलकामनाएं’।

10:13 AM, 10-Jun-2026

लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण- येदियुरप्पा

पूर्व कर्नाटक मुख्यमंत्री बीएस. येदियुरप्पा ने इसे भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर बड़ी प्रगति की है। उन्होंने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे फैसलों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। वहीं, एनडीए नेताओं की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, ‘विकसित भारत 2047’ के रोडमैप और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है।

 

10:12 AM, 10-Jun-2026

दिल्ली में लगे बधाई संदेशों वाले बैनर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में कई स्थानों पर बधाई संदेशों वाले बैनर लगाए। इस उपलब्धि पर एनडीए के कई नेताओं और कई क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं।

10:08 AM, 10-Jun-2026

निर्मला सीतारमण ने पीएम मोदी को दी बधाई

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले 4,399 दिनों में प्रधानमंत्री कार्यालय ने देश को मजबूत और निर्णायक नेतृत्व दिया है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार की विकास यात्रा में ‘अंत्योदय’ यानी अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की भावना हमेशा केंद्र में रही है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के तहत विकास का लाभ देश के हर नागरिक तक पहुंचा है। वित्त मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने कई बड़े सुधार किए और योजनाओं को तेज गति से लागू किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल प्रधानमंत्री की नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के योगदान का सम्मान है और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

10:07 AM, 10-Jun-2026

सीएम मोहन यादव ने बताया ऐतिहासिक, भोपाल के गुफा मंदिर में की पूजा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहने की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया है। भोपाल के गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह एक नया रिकॉर्ड है और देश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में सुशासन स्थापित किया है और भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं ने गरीबों, किसानों और जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाया है। मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है और विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और सफल नेतृत्व के लिए प्रार्थना भी की।

10:01 AM, 10-Jun-2026

सीएम योगी ने कहा- यह देश के लिए गौरव का क्षण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी है। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी देश की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित जननेता हैं और उनका नेतृत्व एक युग की चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के त्याग, तपस्या और दूरदर्शिता ने देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष भी पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास योजनाओं, आधारभूत परियोजनाओं और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा की जा रही है।

By admin