• Mon. May 18th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Pm Modi Sweden Visit Live:’कानून और लोकतंत्र ही भारत-स्वीडन को जोड़ते हैं’, गुटेनबर्ग में बोले Pm मोदी – Pm Modi Sweden Visit Live: Pm Modi Will Hold Bilateral Talks With Pm Ulf Kristersson; Headquarters Of Volvo

Byadmin

May 18, 2026


12:27 AM, 18-May-2026

पीएम मोदी और स्वीडिश प्रधानमंत्री ने साझा कीं टैगोर की यादें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रविवार को स्वीडन पहुंच गए। गुटेनबर्ग हवाई अड्डे पर स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस खास मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने प्रथम गैर-यूरोपीय नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की महान सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत का जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को विशेष उपहार भेंट किए।

11:18 PM, 17-May-2026

‘दोनों देशों के रिश्ते हर गुजरते दिन के साथ और गहरे हो रहे’, प्रेस वार्ता में बोले स्वीडन के प्रधानमंत्री

स्वीडन के प्रधानमंत्री ने भारत और स्वीडन के बीच लगातार मजबूत होते व्यापारिक और आर्थिक संबंधों की जमकर तारीफ की है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि दोनों देशों के रिश्ते हर गुजरते दिन के साथ और गहरे हो रहे हैं। आज की तारीख में लगभग 300 स्वीडिश कंपनियां भारत में पूरी सक्रियता के साथ अपना काम कर रही हैं। इनमें से कई कंपनियों ने तो भारत में ही अपनी खुद की उत्पादन इकाइयां (प्रोडक्शन यूनिट) भी स्थापित कर ली हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यह निवेश सिर्फ एक तरफा नहीं है। स्वीडन के भीतर भी भारतीय कंपनियों का निवेश लगातार बढ़ रहा है और भारतीय कारोबारी स्वीडन के बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

11:04 PM, 17-May-2026

यूरोपीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन में क्या बोले पीएम मोदी?

यूरोपीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दोनों देशों के स्टार्टअप और अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्रों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए, हम एक भारत-स्वीडन विज्ञान और प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित कर रहे हैं। उद्योग परिवर्तन के लिए नेतृत्व समूह हमारी साझा वैश्विक पहल है, जिसके तहत हम कम कार्बन उत्सर्जन वाले औद्योगिक परिवर्तन पर जोर दे रहे हैं। आज हमने इसके तीसरे चरण की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। भारत में हरित हाइड्रोजन, चक्रीय अर्थव्यवस्था और सतत अवसंरचना के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। स्वीडन की प्रौद्योगिकी को भारत की व्यापक क्षमता के साथ मिलाकर, हम पूरी दुनिया के लिए जलवायु समाधान विकसित कर सकते हैं।”

11:02 PM, 17-May-2026

पीएम मोदी ने भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित किया स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान

यूरोपीय उद्योग गोलमेज सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कुछ समय पहले मुझे स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान – ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान केवल मेरे लिए ही नहीं है। यह भारत की 140 करोड़ जनता के लिए सम्मान की बात है। यह स्वीडन में हमारे उन सभी मित्रों के लिए भी सम्मान की बात है जिन्होंने भारत-स्वीडन संबंधों को समृद्ध किया है। भारत और स्वीडन के बीच संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और मानव-केंद्रित विकास की मजबूत नींव पर टिके हैं। हमारे दोनों राष्ट्र नवाचार को विकास का साधन मानते हैं, स्थिरता को एक साझा जिम्मेदारी समझते हैं और लोकतंत्र को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। आज की बैठक में हमने इन साझा समानताओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के तरीकों पर चर्चा की। हर क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को देखते हुए, हमने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।”

09:49 PM, 17-May-2026

पीएम मोदी को मिला स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन ने रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार (कमांडर ग्रैंड क्रॉस) सम्मान से नवाजा है। स्वीडन का यह सम्मान किसी भी राष्ट्राध्यक्ष या सरकार के प्रमुख को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी को अब तक 31 वैश्विक सम्मान मिल चुके हैं।

 

09:26 PM, 17-May-2026

स्वीडिश ओपेरा सिंगर ने गाया ‘वैष्णव जन तो’, बंगाली संस्कृति ने मोहा मन

गुटेनबर्ग में भारतीय प्रवासियों ने पीएम मोदी का बेहद अनोखे और भव्य अंदाज में स्वागत किया, जिसमें स्वीडिश पीएम क्रिस्टर्सन भी मौजूद रहे। इस सांस्कृतिक समारोह का मुख्य आकर्षण स्वीडिश ओपेरा सिंगर चार्लोटा हुल्ड्ट की आवाज में ‘वैष्णव जन तो’ भजन की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति और ‘लिला अकादमीन’ के छात्रों की ओर से किया गया शानदार भरतनाट्यम नृत्य रहा। इसके साथ ही कार्यक्रम में बंगाली संस्कृति की भी एक खूबसूरत झलक पेश की गई, जिसने सबका दिल जीत लिया। पीएम मोदी ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि बंगाली संस्कृति पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। 

09:26 PM, 17-May-2026

अपने स्वीडिश समकक्ष क्रिस्टर्सन से मिले पीएम मोदी, कई मुद्दों पर हुई बात

पीएम मोदी अपने पांच देशों की यात्रा के दौरान रविवार को स्वीडन के गुटेनबर्ग पहुंचे, जहां स्वीडिश पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन ने खुद एयरपोर्ट आकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यही नहीं, पीएम मोदी के विमान के स्वीडिश हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उन्हें विशेष एस्कॉर्ट भी दिया। दोनों वैश्विक नेताओं के बीच हुई उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता में व्यापार, रक्षा, अंतरिक्ष, ग्रीन ट्रांजिशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर गहरा मंथन हुआ। साल 2025 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 7.75 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है, जिसे नए मुकाम पर ले जाने और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई।

09:23 PM, 17-May-2026

पीएम मोदी और स्वीडिश समकक्ष क्रिस्टर्सन मिले, कई मुद्दों पर हुई बात

07:49 PM, 17-May-2026

पीएम मोदी के आगमन पर इस्कॉन ने जताया आभार, कहा-पूरी दुनिया को सुंदर ज्ञान देने के लिए भारत का धन्यवाद

पीएम मोदी के स्वीडन दौरे को लेकर स्थानीय समुदायों और संगठनों में भारी उत्साह है। इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान इस्कॉन स्वीडन के एक नागरिक ने अग्रिम पंक्ति में आकर देश की ओर से प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और भावुक होते हुए कहा कि वे आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी का स्वीडन में स्वागत करने के लिए बेहद उत्सुक हैं। साथ ही उन्होंने उस सुंदर ज्ञान, शाश्वत ज्ञान और मानवीय मूल्यों के लिए भारत का हृदय से आभार व्यक्त किया जो भारत आज पूरी दुनिया के साथ साझा कर रहा है।

07:47 PM, 17-May-2026

पीएम मोदी के स्वीडन दौरे से गदगद प्रवासी भारतीय: कहा-कमरे में एक अलग ही आभा थी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वीडन दौरे को लेकर वहां रह रहे भारतीय प्रवासियों में भारी उत्साह है। गुटेनबर्ग में रहने वाले भारतीय समुदाय के एक नागरिक ने खुशी जताते हुए कहा कि जब पीएम मोदी कार्यक्रम में आए तो उस कमरे में एक अलग ही आभा थी, जिसके लिए वे स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के बेहद आभारी हैं और उनका मानना है कि दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी ऐसी द्विपक्षीय यात्राएं अक्सर होनी चाहिए।

 



By admin