09:30 AM, 26-May-2026
बठिंडा के वार्ड नंबर 2 में देर रात हंगामा, वोट खरीदने के आरोपों से भड़का विवाद
नगर निगम चुनाव के बीच बठिंडा के वार्ड नंबर 2 में सोमवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद इलाके में भारी हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने देर रात कैंट थाना के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। देर रात तक थाना परिसर के बाहर नारेबाजी और बहस जारी रही।
घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता देर रात कैंट थाना पहुंच गए और पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सरूपचंद सिंगला की अगुवाई में धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने आप प्रत्याशी और संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की शिकायतें ली गई हैं और घटनास्थल के वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
09:21 AM, 26-May-2026
पठानकोट में मतदान केंद्रों पर लगी भारी भीड़
निकाय चुनावों के चलते पठानकोट में सुबह से मतदान केंद्रों में भारी भीड़ इकठ्ठा होनी शुरू हो गई है। लोग अपने प्रत्याशी को वोट देने के लिए पोलिंग सेंटरो में आ रहे है। सुबह 9 बजे तक गर्मी भी तेज हो गई है। कई बजुर्ग मतदान केंद्रों के बाहर गर्मी की वजह से बैठे भी देखे गए हैं।
पठानकोट निवासी दिव्यांग काका राम 55 वर्षीय ने एबी कालेज में अपने वोट डालने के बाद प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों को सराहा है। वहीं, जिला पठानकोट पुलिस की ओर से वोटिंग केंद्रों के कुछ जरूरी हिदायत के पोस्टर भी लगाए हुए हैं। जैसे मोबाइल फोन पर रोक, चाकू, गन, माचिस की डिब्बी, लाइटर, पानी की बोतल, शाही वाली डिब्बी, कैमरा अन्य वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया है। कार्पोरेशन पठानकोट के चुनावों के दौरान वोटरों की संख्या 1,48,328 है जबकि सुजानपुर में वोटरों की संख्या 23962 है। पठानकोट में 50 और सुजानपुर में 15 पोलिंग स्टेशन पर मतदान करवाया जा रहा है।
08:44 AM, 26-May-2026
बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में फायरिंग
बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में वोटिंग शुरू होने से पहले सुबह करीब 5:00 बजे फायरिंग करने का मामला सामने आया है वार्ड नंबर 3 में आजाद उम्मीदवार ने सत्ताधर पार्टी के लोगों पर वार्ड में पैसे बांटने और उनके द्वारा रोकने पर उन पर जानलेवा हमला करते हुए सरेआम फायरिंग करने के आरोप लगाए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद बठिंडा शहरी विधायक जगरूप सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने एसएसपी को फोन कर पूरे मामले की निपक्ष जांच करने और आरोपी लोगों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। फायरिंग के रोष में आजाद उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने धरना भी दिया। उनका आरोप है कि सत्ताधर पार्टी के लोग सरेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और पैसे देकर वोट खरीद रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फायरिंग के वक्त सत्ताधारी पार्टी का एक नेता भी मौजूद था जो अपने समर्थकों के साथ वहां पर आया था और जब लोगों ने उनका विरोध किया तो वह गाड़ी लेकर वहां से भाग गए।
08:00 AM, 26-May-2026
मतदान शुरू
निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जो मतदाता शाम 5 बजे तक केंद्रों पर पहुंचेंगे, वे वोट डाल सकेंगे। कुल 3977 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में हो रही है। मोहाली नगर निगम के 50 वार्डों के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने सेक्टर-89 लखनौर में अपने परिवार सहित वोट डाला।
वार्ड नंबर 42 से विधायक कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह समाना चुनाव मैदान में हैं, जिस कारण इस वार्ड पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। नगर निगम चुनाव को लेकर पूरे शहर में राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।
07:35 AM, 26-May-2026
बैलेट पेपर से होगा मतदान
निकाय चुनाव में इस बार बैलेट पेपर से मतदान होगा।
06:53 AM, 26-May-2026
अकाली दल ने की मतदान का समय बढ़ाने की मांग
शिरोमणि अकाली दल ने राज्य चुनाव आयोग से मतदान का समय बढ़ाने की मांग की है। अकाली नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि मतदान का समय सुबह 8 से 5 बजे की जगह सुबह 7 से शाम 6 बजे तक बढ़ाया जाना चाहिए। चीमा ने कहा कि प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है जिसका असर मतदान प्रतिशत पर पड़ सकता है। अगर सुबह और शाम के चलते मतदान का समय दो घंटे बढ़ा दिया जाए तो उससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। मौजूदा समय मजदूरों के लिए भी उपयुक्त नहीं है क्योंकि वो काम के कारण अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर पाएंगे।
06:34 AM, 26-May-2026
मुकेरियां में भाजपा-शिअद साथ आए
मुकेरियां में निकाय चुनाव के दौरान भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का स्थानीय स्तर पर गठजोड़ भी देखने को मिला। भाजपा विधायक जंगी लाल महाजन ने स्पष्ट किया कि यह गठजोड़ केवल मुकेरियां निकाय चुनाव तक सीमित है। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में दोनों दलों के गठबंधन को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है और इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर ही होगा।
06:10 AM, 26-May-2026
कई वार्डों में चेहरों का असर भी अहम
स्थानीय निकाय चुनाव होने के कारण कई वार्डों में प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि और पकड़ भी अहम फैक्टर बनकर उभरी। कई जगहों पर स्थानीय मुद्दों से ज्यादा उम्मीदवारों की व्यक्तिगत पहचान और प्रभाव चुनाव प्रचार में दिखाई दिया। कुछ वार्डों में प्रत्याशियों के बीच व्यक्तिगत टिप्पणियां और सीधी राजनीतिक टक्कर भी देखने को मिली।
05:58 AM, 26-May-2026
सत्ता के सेमीफाइनल में आप ने झोंकी ताकत
इन निकाय चुनावों को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव बेहद अहम बन गया है। वहीं विपक्षी दल भी इस बार मजबूती से मैदान में दिखे। पूरे चुनाव प्रचार के स्वरूप को देखें तो मुकाबला एक तरफ आम आदमी पार्टी की ‘डबल इंजन सरकार’ की चाह और दूसरी तरफ विपक्ष की घेराबंदी के बीच नजर आया।
आम आदमी पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के लिए यह चुनाव किसी परफॉर्मेंस टेस्ट से कम नहीं माना जा रहा। करीब आठ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं इसलिए पार्टी नेतृत्व यह परखना चाहता है कि साढ़े चार साल के कार्यकाल के बाद शहरी मतदाताओं पर पार्टी की पकड़ कितनी मजबूत है। यही कारण रहा कि पार्टी के कई बड़े चेहरे इस बार सीधे प्रचार में कम और रणनीतिकार की भूमिका में अधिक दिखाई दिए।
05:46 AM, 26-May-2026
सबसे अधिक उम्मीदवार आप के
सबसे अधिक उम्मीदवार सत्तापक्ष आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव लड़ रहे हैं जिनकी संख्या 1801 हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के 1550, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 1316, शिरोमणि अकाली दल के 1251, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 96, 1528 निर्दलीय और 13 अन्य उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। निकाय चुनाव सभी दलों के लिए अहम हैं, क्योंकि इसे 2027 में विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है।