महाराष्ट्र के नाशिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के दफ्तर में हुए कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में नया खुलासा हुआ है। इस प्रकरण के आरोपियों में शामिल निदा खान के परिवार ने दावा किया है कि वह इस समय मुंबई में है। परिवारवालों ने यह भी दावा किया है कि निदा खान गर्भवती है और अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही है।
निदा खान ने नाशिक की एक स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दी है। माना जा रहा है कि वह अपनी मेडिकल स्थिति को आधार बनाकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रही है। विशेष जांच दल (एसआईटी) निदा की तलाश में जुटा है और जल्द ही उसकी मेडिकल रिपोर्ट की जांच की जा सकती है।
क्या है पूरा मामला?
25 साल की निदा खान ने साल 2021 में नाशिक की टीसीएस बीपीओ यूनिट में काम शुरू किया था। नाशिक पुलिस इस समय ऑफिस में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन से जुड़ी नौ शिकायतों की जांच कर रही है। पुलिस ने अब तक सात कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें छह पुरुष और एक महिला एचआर हेड शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: TCS Case: हाउसकीपिंग स्टाफ बनकर दफ्तर में घुसी पुलिस, ऐसे किया दुष्कर्म और धर्मांतरण की साजिश का भंडाफोड़
महिला कर्मचारियों के गंभीर आरोप
पुलिस की एसआईटी ने बताया कि आठ महिला कर्मचारियों ने वरिष्ठ सहयोगियों पर मानसिक और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कंपनी के एचआर विभाग से शिकायत की थी, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया। यह पूरा विवाद फरवरी 2022 से मार्च 2024 के बीच का बताया जा रहा है।
एक आरोपी पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर एक महिला कर्मचारी के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके अलावा, महिला कर्मियों के साथ छेड़छाड़ और उनके निजी जीवन पर भद्दे कमेंट्स करने के भी आरोप हैं। जब शिकायत कंपनी के बड़े अधिकारियों तक पहुंची, तो उन्होंने कोई कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों का साथ दिया। पुलिस ने अपने बयान में बताया कि आरोपियों पर सिर्फ महिलाओं के उत्पीड़न का ही मामला नहीं है। उन्होंने एक पुरुष कर्मचारी को जबरन नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया। इतना ही नहीं, उस कर्मचारी के धर्म का अपमान भी किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: टीसीएस मामला: फरार एचआर मैनेजर निदा खान की तलाश तेज, एसआईडी-एटीएस और एनआईए से मांगी मदद