• Wed. Apr 22nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Us Iran Peace Talk:शांति वार्ता के लिए जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा टली, फिर लड़ाई शुरू होने की आशंका गहराई – Jd Vance Departure To Pakistan For Us Iran Peace Talks Delayed Claim Media Reports

Byadmin

Apr 22, 2026


अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा फिलहाल टल गई है। जेडी वेंस को ईरान के साथ जारी युद्ध को खत्म करने के लिए प्रस्तावित शांति वार्ता के लिए पाकिस्तान रवाना होना था, लेकिन ईरान की तरफ से अमेरिका के शांति प्रस्तावों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। ऐसे में वेंस की मंगलवार को होने वाली इस्लामाबाद यात्रा फिलहाल टाल दी गई है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। 

जेडी वेंस को मंगलवार को ही इस्लामाबाद होना था रवाना

वेंस को मंगलवार सुबह इस्लामाबाद के लिए रवाना होना था, जहां बुधवार से वार्ता फिर शुरू होने वाली थी। इसी दिन अमेरिका और ईरान के बीच लागू युद्धविराम की अवधि भी समाप्त हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान द्वारा दूसरे राउंड की बातचीत को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि यात्रा अभी रद्द नहीं की गई है और अगर ईरान सकारात्मक जवाब देता है तो वेंस की यात्रा फिर से तय की जा सकती है।  

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी अधिकारी इस बात के स्पष्ट संकेत की भी प्रतीक्षा कर रहे हैं कि ईरान के वार्ताकारों को समझौता करने के लिए पूर्ण अधिकार दिया गया है  या नहीं। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में वेंस की यात्रा में देरी की वजह व्हाइट हाउस में वेंस की नीतिगत बैठकों को बताया गया है। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी आईआरएनए ने भी सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में कहा है कि ईरान का कोई भी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका से बातचीत के लिए पाकिस्तान नहीं भेजा गया है।

ट्रंप ने दिए युद्धविराम टूटने के संकेत

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार तड़के ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा कई पोस्ट में ईरान पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। सीएनबीसी को दिए एक अलग इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वार्ता से अमेरिका को बेहतरीन समझौता हासिल होगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है उनके पास कोई विकल्प नहीं है। हमने उनकी नौसेना, वायुसेना और नेतृत्व को निष्क्रिय कर दिया है।’

जब उनसे पूछा गया कि अगर बुधवार तक समझौता नहीं होता है तो क्या अमेरिका फिर से बमबारी शुरू करेगा, इस पर ट्रंप ने कहा कि ‘वे बमबारी करने की उम्मीद करते हैं, क्योंकि यही बेहतर रणनीति है।’ उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है।

By admin