10:42 AM, 12-Jul-2026
ईरान की सेना ने कहा- 16 जून के समझौते की शर्तों का पालन करे अमेरिका
ईरान के ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने एक बार फिर अमेरिका से तेहरान और वॉशिंगटन के बीच 16 जून को हुए समझौते की शर्तों का पालन करने की अपील की है।
उन्होंने ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी से बातचीत में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिका के हस्तक्षेप से एक ऐसा गैरकानूनी रास्ता बनाया गया, जिससे इलाके में असुरक्षा पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं जलडमरूमध्य में ईरानी लोगों के अधिकारों की मजबूती से रक्षा करेंगी। अकरमिनिया ने यह भी कहा कि सेना लगातार अपने ‘निशानों की सूची’ को अपडेट कर रही है।
09:26 AM, 12-Jul-2026
आगे की सूचना तक बंद रहेगा होर्मुज: आईआरजीसी
आईआरजीसी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य आगे की सूचना मिलने तक बंद रहेगा। यह स्थिति तब तक जारी रहेगी, जब तक पूरे क्षेत्र में अमेरिका का हस्तक्षेप खत्म नहीं हो जाता। अल जजीरा ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
09:23 AM, 12-Jul-2026
ईरान पर हवाई हमलों का नया दौर पूरा, करीब 140 ठिकानों को बनाया निशाना: अमेरिकी सेना
अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) ने रविवार को कहा कि उसने ईरान पर हवाई हमलों का नया दौर पूरा कर लिया है। सेना के अनुसार, इन हमलों में करीब 140 ठिकानों को निशाना बनाया गया।
सेंटकॉम ने बताया कि निशाना बनाए गए ठिकानों में मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने वाली जगहें, हथियार और गोला-बारूद रखने के ठिकाने, संचार उपकरण और अन्य स्थान शामिल थे।
अमेरिकी सेना ने कहा कि इन हमलों से ईरान की उस क्षमता को कमजोर किया गया है, जिसके जरिये वह होर्मुज जलडमरूमध्य से स्वतंत्र रूप से गुजरने वाले आम नाविकों और व्यावसायिक जहाजों पर हमला कर सकता है। अमेरिकी सेना के अनुसार, ईरान ने रविवार सुबह इसके जवाब में बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाकर हमले किए।
08:59 AM, 12-Jul-2026
आईआरजीसी का दावा- जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस पर हमला किया
ईरान के इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि उसने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस पर कई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने आईआरजीसी के हवाले से कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने इस एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
आईआरजीसी के अनुसार, हमले में एयरबेस का कमान और नियंत्रण केंद्र तथा एमक्यू-9 ड्रोन रखने वाले हैंगर नष्ट कर दिए गए हैं।
08:32 AM, 12-Jul-2026
बहरीन में मिसाइल हमले की चेतावनी वाले सायरन बजे
संयुक्त अरब अमीरात और कतर पर हमले के बीच बहरीन में मिसाइल हमले की चेतावनी वाले सायरन बजने लगे। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
07:55 AM, 12-Jul-2026
हमले के बाद चालक दल ने जहाज छोड़ा: यूकेएमटीओ
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले का निशाना बने मालवाहक जहाज के चालक दल ने जहाज छोड़ दिया है और लाइफबोट में सवार हो गया है। यूकेएमटीओ के अनुसार, यह जानकारी सैन्य अधिकारियों और जहाज की सुरक्षा टीम के अधिकारी से मिली है।
इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया था कि ईरान के इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले मालवाहक जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी पर हमला किया। सेंटकॉम के मुताबिक, जहाज के चालक दल का एक सदस्य लापता है। जहाज में आग लगने और इंजन कक्ष को भारी नुकसान होने के कारण वह अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका।
07:50 AM, 12-Jul-2026
West Asia Conflict, US Iran War Live Updates: ताजा घटनाक्रम क्या-क्या हुआ?
- सेंटकॉम ने इस सप्ताह ईरान पर तीसरे दौर के हमलों की घोषणा की।
- अमेरिका ने आरोप लगाया कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में साइप्रस के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर हमला किया।
- बंदर अब्बास, सीरिक, चाबहार, बंदर-ए-दय्यर और असालुयेह बंदरगाह शहरों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
- इन हमलों से पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने का एलान किया था।
- उसने यह भी कहा कि उसने एक ऐसे जहाज पर चेतावनी के तौर पर गोली चलाई, जो उसके अनुसार बिना अनुमति वाले मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था।
- ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता अली खामेनेई की अमेरिका और इस्राइल के हमले में मौत का बदला लेने की कसम खाई। उन्होंने कहा, बदला लेना हमारे देश की इच्छा है।
07:45 AM, 12-Jul-2026
ईरान को कीमत चुकानी होगी: पीट हेगसेथ
ईरान पर तीसरे दौर के सैन्य हमले शुरू करने के बाद अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक्स पर लिखा, ईरान ने गलत फैसला लिया। अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।
07:36 AM, 12-Jul-2026
अमेरिकी सेना ने ईरान पर तीसरे दौर के हमलों की घोषणा की
अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने ईरान पर तीसरे दौर के हमले शुरू कर दिए हैं। उसका आरोप है कि ईरान के इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य में साइप्रस के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर खुलेआम हमला किया।
सेंटकॉम के अनुसार, जहाज में आग लगने और इंजन क्षतिग्रस्त होने के कारण वह अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका। साथ ही जहाज के चालक दल का एक सदस्य लापता है। अमेरिकी सेना ने कहा, व्यावसायिक जहाजों पर पहले हुए हमलों के लिए जवाबदेह ठहराए जाने के बाद ईरान को समझौते का पालन करने का एक और अवसर दिया गया था। लेकिन वह एक बार फिर ऐसा करने में विफल रहा। यह बयान उन्होंने 16 जून को हुए शांति समझौते के संदर्भ में दिया।
उसने आगे कहा, इसके जवाब में अमेरिका ईरान की उन क्षमताओं को लगातार कमजोर करके भारी कीमत वसूल रहा है, जिनके जरिये वह जलडमरूमध्य से स्वतंत्र रूप से गुजरने वाले नागरिक नाविकों और व्यावसायिक जहाजों पर हमला कर सकता है।
07:05 AM, 12-Jul-2026
West Asia LIVE: अमेरिकी बमबारी के बाद खाड़ी देशों में ईरान के हमले; IRGC ने कहा- माननी पड़ेंगी शर्तें
ईरान के दक्षिणी जास्क शहर में 10 से अधिक विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। यह क्षेत्र होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित है और रणनीतिक दृष्टिकोण से अहम माना जाता है। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने यह जानकारी दी।