12:19 PM, 09-Jul-2026
बहरीन पर ईरान के हमले जारी
बहरीन की सेना ने कहा है कि उनके एयर डिफेंस ने ईरान के कई हवाई हमलों को नाकाम कर दिया है। ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए थे।
अमेरिका के हमले में ईरान में 78 लोग घायल
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के हमले में ईरान में 78 लोग घायल हुए हैं। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से यह दावा किया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें से 47 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
11:59 AM, 09-Jul-2026
ईरान युद्ध फिर भड़कने के बीच बोले पीएम मोदी- बातचीत और कूटनीति से ही शांति संभव
पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कहा कि आज दुनिया में कई संघर्ष चल रहे हैं और अस्थिरता का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी संघर्ष सिर्फ बातचीत और कूटनीति के जरिए ही सुलझाया जा सकता है।
10:40 AM, 09-Jul-2026
अमेरिकी हमले में तीन की मौत, कई घायल
सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने गुरुवार को एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से बताया कि ईरान के पश्चिमी हिस्से में अमेरिकी हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। IRNA की रिपोर्ट के अनुसार, खुजेस्तान में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए डिप्टी गवर्नर वलीओल्लाह हयाती ने पत्रकारों को बताया कि अहवाज शहर के बाहरी इलाके में अमेरिकी हमले में तीन लोग मारे गए और कई घायल हो गए।
10:33 AM, 09-Jul-2026
होर्मुज के पास अब भी 9 भारतीय जहाज मौजूद
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के नौ जहाज अब भी होर्मुज जलडमरूमध्य मौजूद हैं। इन जहाजों पर कुल 198 भारतीय नाविक सवार हैं। शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक, सभी भारतीय जहाज पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी भी जहाज पर हमला नहीं हुआ है। शिपिंग मंत्रालय के अनुसार, 28 फरवरी से शुरू हुए पश्चिम एशिया संघर्ष के बाद से मंगलवार तक भारत से जुड़े 50 भारतीय और विदेशी ध्वज वाले जहाज, जिनमें भारत के लिए माल ले जाया जा रहा था, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित होकर गुजर चुके हैं।
06:29 AM, 09-Jul-2026
ईरानशाह एयरपोर्ट पर हमला, एक दमकलकर्मी की मौत
अल जजीरा ने ईरानी राज्य समाचार एजेंसी ‘IRNA’ के हवाले से बताया कि दक्षिण-पूर्वी ईरान के ईरानशाह हवाई अड्डे पर हुए हमले में ऑन-ड्यूटी दमकलकर्मी की मौत हो गई। स्थानीय गवर्नर के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे शहर में चार जोरदार धमाके सुने गए। जांच में सामने आया कि मिसाइलें/गोले हवाई अड्डे के उड़ान सुविधा भवन और मौसम स्टेशन पर गिरे, जिससे दोनों संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है।
03:27 AM, 09-Jul-2026
ट्रंप की ईरान को चेतावनी, कहा- हमले नहीं रुके, तो अमेरिकी बमबारी और भयानक होगी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने अपने हमले नहीं रोके, तो अमेरिका की ओर से की जा रही बमबारी और ज्यादा भयानक होगी। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए ट्रंप ने स्पष्ट किया कि हालिया अमेरिकी हवाई हमले दरअसल ईरान द्वारा एक दिन पहले जहाजों पर की गई बमबारी के जवाब में किए गए हैं। ट्रंप ने लिखा, ‘यह कल ईरान द्वारा जहाजों पर की गई बमबारी का बदला है। अगर ऐसा दोबारा हुआ, तो अंजाम बहुत बुरा होगा!’ इस पोस्ट के साथ उन्होंने कुछ तस्वीरें और वीडियो भी जारी किए हैं, जिनके बारे में उनका दावा है कि ये ईरान पर हुए अमेरिकी हमलों के बाद के दृश्य हैं।
02:11 AM, 09-Jul-2026
ईरान के बंदर अब्बास में एक के बाद एक आठ धमाके, रिपोर्ट में दावा
अल जजीरा ने ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के हवाले से बताया है कि, ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर में आठ विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिसके परिणामस्वरूप हवाई रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर दिया गया।
01:55 AM, 09-Jul-2026
अमेरिका ने ईरान पर अतिरिक्त हवाई हमलों की पुष्टि की
अमेरिका ने ईरान पर एक और चरण के हमले करने की पुष्टि कर दी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ‘X’ (ट्विटर) पर जानकारी दी कि राष्ट्रपति के निर्देश पर ईरान के खिलाफ अतिरिक्त हवाई हमले शुरू किए गए हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य ईरान की क्षमता को और कमजोर करना है। अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि वह इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक क्रू के खिलाफ हाल ही में ईरान द्वारा की गई अकारण आक्रामकता के लिए उसे पूरी तरह जिम्मेदार ठहराता है।
01:52 AM, 09-Jul-2026
कोनरक और चाबहार के पास भीषण धमाके, रिपोर्ट में दावा
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान से एक बार फिर धमाकों की खबर आ रही है। अल जजीरा ने मेहर समाचार एजेंसी के हवाले से बताया है कि, दक्षिण-पूर्वी ईरान के रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण तटीय शहरों कोनरक और चाबहार के पास विस्फोट की आवाज सुनी गई।
01:46 AM, 09-Jul-2026
ईरान के बंदर अब्बास में धमाके की आवाज सुनी गई
मेहर समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के बंदर अब्बास शहर में विस्फोट की आवाज सुनी गई।