06:09 PM, 08-Jul-2026
बहरीन ने ईरान के हमलों की कड़ी निंदा की
बहरीन रक्षा बल ने ईरान पर मिसाइल और ड्रोन से नागरिक इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। बहरीन ने इन हमलों को लगातार जारी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई बताया है। रक्षा बल ने कहा कि ईरान का यह रवैया क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
06:00 PM, 08-Jul-2026
इराक में अयातुल्ला खामेनेई की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद उनकी अंतिम यात्रा के तहत इराक के पवित्र शहर नजफ में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग जुटे। श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों लोग सड़कों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। ईरान में शनिवार से छह दिनों का सार्वजनिक शोक और अंतिम संस्कार कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें एक दिन का कार्यक्रम इराक में भी रखा गया है।
05:48 PM, 08-Jul-2026
खाड़ी में फंसे 6,000 नाविकों को लेकर संयुक्त राष्ट्र की चिंता
संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगेज ने अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फारस की खाड़ी में करीब 6,000 नाविक अब भी जहाजों पर फंसे हुए हैं और सुरक्षित तरीके से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। लगातार हमलों से उनके मनोवैज्ञानिक तनाव और डर में बढ़ोतरी हो रही है।
05:33 PM, 08-Jul-2026
ईरान में किसी भी स्थिति के लिए तैयार- IDF
इस्राइली मीडिया आउटलेट ‘मारिव’ ने सेना के एक सूत्र के हवाले से बताया कि इस्राइल खाड़ी क्षेत्र की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहा है, लेकिन तनाव बढ़ने से उसे हैरानी नहीं है क्योंकि उसका मानना है कि ईरान अमेरिका की मांगों को पूरा नहीं कर पाएगा। सूत्र ने कहा, ‘इस्राइली सेना ईरान में किसी भी स्थिति के लिए तैयार है। हम उसी स्तर पर अलर्ट और तैयार हैं, जिस स्तर पर कल और उससे एक दिन पहले थे। अगर हमें हमला करने या बचाव करने की ज़रूरत पड़ी, तो हम तैयार हैं’। सूत्र ने आगे कहा, ‘फिलहाल, बातचीत अमेरिकी ही कर रहे हैं और कल रात ईरान में कार्रवाई भी उन्होंने ही की थी’।
05:30 PM, 08-Jul-2026
होर्मुज से लौटाया गया भारतीय तेल टैंकर
ईरान की समाचार एजेंसी फार्स ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के ओमानी मार्ग से गुजर रहे एक भारतीय तेल टैंकर को वापस लौटा दिया गया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) जहाजों को रेडियो संदेश भेजकर ईरान द्वारा तय किए गए समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करने के निर्देश दे रहा है। इससे पहले ओमान और संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने सुरक्षित निकासी के लिए एक अस्थायी समुद्री कॉरिडोर बनाया था।
05:29 PM, 08-Jul-2026
सोने की कीमत में बड़ी गिरावट
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बुधवार को सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना 2,308 रुपये यानी 1.59 फीसदी टूटकर 1,43,084 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से महंगाई की चिंता बढ़ी है, जिससे अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ और निवेशकों ने सोने में निवेश कम कर दिया।
04:21 PM, 08-Jul-2026
ईरानी हमलों से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त- कुवैत
खाड़ी क्षेत्र में लक्ष्यों पर ईरानी हमलों के असर के बारे में धीरे-धीरे और जानकारी सामने आ रही है; ये हमले ईरान पर अमेरिकी हमलों की एक श्रृंखला के बाद हुए थे। कुवैत के बिजली मंत्रालय ने कहा कि ईरानी हमलों के दौरान छर्रों से बिजली की कई लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। मंत्रालय ने कहा कि बिजली आपूर्ति में कोई रुकावट नहीं आई और आपातकालीन टीमों ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए नुकसान का आकलन करना और मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। इसके अलावा, मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि कई ओवरहेड लाइनों के खराब होने से बिजली गुल होने से प्रभावित सभी रिहायशी इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
04:13 PM, 08-Jul-2026
तेल की कीमतों में 6% से ज्यादा की उछाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद कि ईरान के साथ अंतरिम डील खत्म हो गई है, तेल की कीमतों में छह फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई और ये दो हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। मंगलवार को अमेरिका द्वारा ईरानी कच्चे तेल की बिक्री की अनुमति देने वाला जनरल लाइसेंस रद्द करने के बाद बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स और अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड की कीमतों में लगभग तीन फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। इन घटनाओं से पहले, पिछले महीने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध-विराम समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद तेल की कीमतें गिरकर युद्ध-पूर्व के स्तर पर आ गई थीं।
03:01 PM, 08-Jul-2026
EU ने बहरीन पर हमले को कहा अस्वीकार्य
बहरीन पर ईरान के हमले को ईयू ने अस्वीकार्य बताया है। बुधवार को यूरोपीय संघ की उपाध्यक्ष काजा कल्लास ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हालिया गोलीबारी ने युद्ध समाप्त करने की पहले से ही मुश्किल बातचीत को और जटिल बना दिया है। बहरीन और कुवैत पर ईरान के हमले स्वीकार्य नहीं हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मेमोरेंडम के तहत तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने का वादा किया था, लेकिन स्ट्रेट के पास जहाजों पर हालिया हमले उस प्रतिबद्धता का उल्लंघन हैं, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। इसमें इस बात पर भी जोर दिया गया कि होर्मुज स्ट्रेट और लाल सागर में नौवहन की स्वतंत्रता बिना किसी बाधा के बनी रहनी चाहिए। इसी मुद्दे पर अगले सोमवार को यूरोपीय संघ (EU) के विदेश मंत्री अपने खाड़ी देशों के समकक्षों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें समझौते को लागू करने और दोनों समुद्री मार्गों पर सुरक्षित एवं निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के लिए साझा रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
02:20 PM, 08-Jul-2026
गुस्साए ट्रंप ने ईरानी शासन को आड़े हाथ लिया, नाटो सम्मेलन के दौरान बताया बेवकूफ
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी नजर में ईरान के साथ समझौता टूट चुका है। नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सेना ने होर्मुज के आसपास और तेहरान में 80 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक हमलों की इस श्रृंखला के बाद तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा, उनसे निपटना समय की बर्बादी है।
ईरान पर ट्रंप के बयान में क्या?
अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी ईरानी सेना- इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के बयान के बाद आई है। ईरानी सेना ने कहा था कि उसने ईरान पर अमेरिकी हमलों के जवाब में बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इस कार्रवाई पर भड़के ट्रंप ने ईरान के लिए ‘दुष्ट, बीमार और मैल जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। फटकार लगाते हुए ट्रंप ने कहा, तेहरान के साथ उनका प्रारंभिक समझौता पतन के कगार पर दिख रहा है।