डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिमागी नक्सली वाले बयान पर देश की सियासत में गर्माहट तेज हो गई है। बीते कई दिनों से भाजपा और कांग्रेस के बीच इस बात को लेकर जुबानी जंग भी सातवें आसमान पर है।
इसी जद्दोजहद के बीच अब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है। रिजिजू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी वामपंथ उग्रवाद को देश के लिए सबसे बड़ा आंतरिक खतरा बताया था।
विवाद की शुरुआत कहां से हुई?
बता दें कि यह पूरा मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान से शुरू हुआ, जो उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के साथ दीवाली मनाने के दौरान दिया था। पीएम मोदी ने कहा था कि जंगलों से भले ही हथियारबंद नक्सली खत्म हो गए हों, लेकिन दिमागी नक्सली अब भी देश के कई संगठनों और राजनीतिक दलों में घुसपैठ कर चुके हैं।
अपने बयान में पीएम मोदी ने जोर देते हुए कहा कि ये लोग संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़का रहे हैं। पीएम ने यह भी कहा था कि हमें इन दिमागी नक्सलियों को पहचानकर हराना होगा और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।
राहुल गांधी ने किया था पलटवार
प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया दी। बस्तर में पीएम मोदी के दीवाली कार्यक्रम में शामिल हुए सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों को संबोधित करते हुए राहुल ने लिखा कि आपके चेहरों ने सब कुछ बयां कर दिया। आपने पीएम के झूठ पर भरोसा नहीं किया।
राहुल गांधी ने आगे लिखा कि पीएम मोदी ने हमें नक्सली कहा है। अपने पोस्ट में राहुल ने पीएम मोदी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि मेरी चुनौती कायम है। कोई भी, कहीं भी मुझसे बहस कर ले कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन नाच रहा है? उन्होंने यह भी दावा किया कि बहस के बाद पीएम में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं बचेगी।
अब रिजिजू का राहुल गांधी पर पलटवार
राहुल गांधी के इस हमले के जवाब में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर राहुल को आड़े हाथों लिया। रिजिजू ने लिखा कि राहुल जी, सशस्त्र माओवादियों को खत्म करने के लिए मोदी जी को धन्यवाद दीजिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने खुद वामपंथ उग्रवाद और नक्सलवाद को भारत के लिए सबसे बड़ा आंतरिक खतरा बताया था। रिजिजू ने आगे कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हमारा अगला लक्ष्य दिमागी नक्सलियों को खत्म करना है।