आईपीएल के संस्थापक ललित मोदी ने एक बार फिर आईपीएल के आयोजन कैलेंडर में बदलाव की वकालत की है। उन्होंने कहा है कि आईपीएल को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से निर्धारित किसी विशेष विंडो की जरूरत नहीं है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अपने इस घरेलू टूर्नामेंट का कार्यक्रम खुद तय कर सकता है। इसके लिए उन्होंने आईपीएल को जनवरी में शुरू करने या अक्तूबर से अप्रैल के बीच आयोजित करने का सुझाव दिया है।
ललित मोदी का मानना है कि आईपीएल अब केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर बड़ा खेल और व्यावसायिक मंच बन चुका है। ऐसे में विश्व क्रिकेट को आईपीएल की अहमियत को समझना होगा और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर को उसके अनुरूप व्यवस्थित करने की दिशा में काम करना चाहिए।