• Tue. Sep 29th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘अब मोदी ही हमारे बेटे को बचा सकते हैं’, सऊदी अरब में मौत की सज़ा पाए शख़्स के परिवार की अपील

Byadmin

Sep 28, 2026


पठानकोट के बलजिंदर सिंह पर सऊदी अरब में कथित तौर पर ड्रग तस्करी के आरोप लगे हैं

इमेज कैप्शन, पठानकोट के बलजिंदर सिंह को कथित तौर पर ड्रग तस्करी के आरोप में सऊदी अरब में मृत्युदंड की सज़ा सुनाई गई है

“अब सिर्फ़ मोदी सरकार और ख़ुद मोदी ही हमारे बेटे को बचा सकते हैं. मदद के बाकी सभी रास्ते बंद हो चुके हैं. हमने सभी अदालतों का दरवाज़ा खटखटाया, यहां तक कि सऊदी अरब के सुप्रीम कोर्ट का भी, लेकिन उसकी सज़ा बरक़रार है.”

ये शब्द पठानकोट के सुजानपुर इलाके के फ़िरोज़पुर कलां गांव के रहने वाले बलजिंदर सिंह के बुज़ुर्ग माता-पिता के हैं.

बलजिंदर सिंह को सऊदी अरब में कथित तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी के एक मामले में मौत की सज़ा सुनाई गई है. अब उनका परिवार भारत सरकार और पंजाब सरकार से मदद की अपील कर रहा है.

बलजिंदर सिंह सऊदी अरब में ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करते थे.

पंजाब में बलजिंदर सिंह के घर पर लगातार रिश्तेदारों, पत्रकारों और दूसरे लोगों का आना-जाना लगा हुआ है. घर में उनके बुज़ुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. परिवार के लोगों के चेहरों पर चिंता और बेबसी साफ़ दिखाई देती है.

By admin