• Sun. Nov 22nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

अमेरिका:न्यूयॉर्क सड़क हादसे में तेलंगाना के 25 वर्षीय युवक की मौत, एक हफ्ते पहले ही मिली थी नौकरी – Telangana-youth-sai-teja-dies-multi-vehicle-crash-new-york-deer

Byadmin

Nov 22, 2026


अमेरिका के न्यूयॉर्क में हुए सड़क हादसे में तेलंगाना के 25 वर्षीय युवक ई. साई तेजा की मौत हो गई। हादसे के समय वह हाईवे पर कार चला रहे थे। अचानक हिरण के सामने आने से उनकी कार उससे टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक कार्गो वैन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो अन्य वाहन भी चपेट में आ गए।

साई तेजा तेलंगाना के नलगोंडा जिले के मुनुगोडे कस्बे के रहने वाले थे। वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे और न्यूयॉर्क के यूटिका में रह रहे थे। उनके पिता का नाम ईरामल्ला प्रसाद और मां का नाम श्रीकन्या है।

18 नवंबर को हुआ हादसा

न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस के मुताबिक, हादसा 18 नवंबर को शाम करीब 6:34 बजे कैनाजोहारी के पास इंटरस्टेट 90 के ईस्टबाउंड हिस्से में हुआ। साई तेजा अपनी कार से जा रहे थे, तभी अचानक एक हिरण हाईवे पर आ गया। उनकी कार हिरण से टकराने के बाद सड़क की एक लेन में बंद हो गई।

इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार्गो वैन ने उनकी खड़ी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दो अन्य वाहन भी हादसे में शामिल हो गए। साई तेजा को गंभीर चोटें आईं। उन्हें सेंट मैरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दो अन्य लोग भी घायल

हादसे में साई तेजा की कार में सवार एक अन्य व्यक्ति को भी गंभीर चोटें आईं। उसे एयरलिफ्ट कर अल्बानी मेडिकल सेंटर पहुंचाया गया। ताजा जानकारी के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, कार्गो वैन में सवार एक अन्य यात्री भी घायल हुआ है। उसकी स्थिति के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है।

एक सप्ताह पहले ही मिली थी नौकरी

साई तेजा की मौत से तेलंगाना में उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने अमेरिका में उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद हादसे से महज एक सप्ताह पहले ही नौकरी हासिल की थी।

तेलंगाना के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए कहा कि नौकरी मिलने के एक सप्ताह बाद ही साई तेजा की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत की खबर से उनके माता-पिता को गहरा सदमा पहुंचा होगा और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

पार्थिव शरीर भारत लाने की कोशिश

न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं, साई तेजा के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए भारत लाने की प्रक्रिया के प्रयास किए जा रहे हैं।

By admin