• Sun. Nov 22nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

इंस्टाग्राम रील देखकर मंगवाई क्रीम से बिगड़ी किशोरी की किडनी, मिला 12,500 PPM पारा; आयोग ने दर्ज किया केस

Byadmin

Nov 21, 2026


डिजिटल डेस्क, मलप्पुरम। इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से प्रभावित होकर ऑनलाइन खरीदी गई एक फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल करने से किशोरी को किडनी की गंभीर बीमारी हो गई। मीडिया में आई खबरों के बाद, केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने खुद ही इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

मलप्पुरम के एस्टर एमआइएमएस मदर हास्पिटल के डाक्टरों के अनुसार, लड़की ने इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स के प्रमोशनल वीडियो देखकर यह क्रीम मंगवाई थी। वीडियो में दावा किया गया था कि यह क्रीम मुंहासे, काले धब्बे और पिगमेंटेशन को दूर कर सकती है।

किशोरी ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर दिए वाट्सएप नंबर के जरिए प्रोडक्ट का आर्डर दिया। शुरुआत में उसे क्रीम असरदार लगी, इसलिए उसने एक साल के दौरान इसकी कई और बोतलें मंगवा लीं। बाद में उसे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं, जिसमें अचानक ब्लड प्रेशर गिरना और बेहोश हो जाना शामिल था। इसके अलावा, उसके पैरों में सूजन आ गई, जिससे उसका चलना-फिरना और सीढ़ियां चढ़ना मुश्किल हो गया।

इसके बाद वह अस्पताल पहुंची। इलाज कर रहीं नेफ्रोलाजिस्ट गौरी एस. ने बताया कि उसके खून और शरीर में पारे की खतरनाक रूप से अधिक मात्रा पाई गई है। उसे मेंब्रेनस नेफ्रोपैथी हो गई है।

यह किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी है, जिसका इलाज न कराने पर आगे चलकर और जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। डाक्टर ने बताया कि क्रीम की जांच में पारा का स्तर 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन पाया गया, जबकि इसकी सामान्य स्वीकार्य सीमा एक पीपीएम से भी कम है।

By admin