• Sat. Nov 21st, 2026

24×7 Live News

Apdin News

तमिलनाडु: दूसरे लड़कों से बात करने पर भड़का ब्वॉयफ्रेंड, 17 साल की गर्लफ्रेंड का गला घोंटकर चाकू से गोदा

Byadmin

Nov 21, 2026


डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में सॉयरपुरम के पास सोलाईपुदुर इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 23 वर्षीय युवक ने दूसरे लड़कों से बात करने को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी 17 वर्षीय गर्लफ्रेंड की कथित तौर पर गला घोंटकर और चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी अपनी जान देने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान अबर्ना के रूप में हुई है, जो सेबाथैयापुरम स्थित अरुलमिगु मुथुमलाई अम्मन हिंदू हायर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि अबर्ना और आरोपी मुथुराज करीब दो साल से एक-दूसरे को जानते थे।

घर में अकेली थी छात्रा, मना करने पर किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब अबर्ना अपने घर में अकेली थी, तभी मुथुराज वहां पहुंचा। उसने अबर्ना पर दूसरे लड़कों से बात बंद करने का दबाव बनाया, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई।

पुलिस का कहना है कि जब अबर्ना ने उसकी बात मानने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर पहले उसका गला घोंटा और फिर सीने के निचले हिस्से व पीठ पर चाकू से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण अबर्ना की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी ने कलाई काटी और जहर खाया

बात यही तक खत्म नहीं हुई, हत्या के बाद मुथुराज ने कथित तौर पर अपनी बाईं कलाई की नस काट ली और जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू में लेकर इलाज के लिए थूथुकुडी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अबर्ना के शव को पोस्टमार्टम के लिए उसी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

By admin