इमेज स्रोत, Reuters
- अंतरिम पुलिस प्रमुख जेफ़्री डब्ल्यू. कैरोल ने बताया था सुबह आठ बजे से ठीक पहले गोलीबारी की सूचना देने के लिए इमरजेंसी सर्विसेज को फ़ोन आया था.
- गोलीबारी में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत.
- पुलिस के मुताबिक़ हमले के संदिग्ध की भी मौत.
- चार अन्य लोग घायल, एक की हालत गंभीर.
- संदिग्ध ने इमारत की 7वीं मंज़िल स्थित अपार्टमेंट में ख़ुद को बंद कर लिया था.
- पुलिस के मुताबिक़ हमले का संदिग्ध एक गोरा पुरुष था.
- हमलावर के मक़सद के बारे में अभी पता नहीं चला है.
पढ़ने का समय: 6 मिनट
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में गुरुवार सुबह गोलीबारी की घटना हुई. पुलिस ने इसे ‘सक्रिय गोलीबारी’ की स्थिति बताया है. घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो गई है जबकि चार अन्य घायल हैं.
बीबीसी को वॉशिंगटन डीसी पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि गोलीबारी के संदिग्ध की मौत हो गई है.
पुलिस ने उसकी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है.
कुछ मिनट पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने कहा था कि ऐसा लगता है कि संदिग्ध ने खुद को गोली मारी है.
वॉशिंगटन डीसी के अंतरिम पुलिस प्रमुख जेफ्री डब्ल्यू. कैरोल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पुलिस 30 सेकंड के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई थी.
उन्होंने कहा कि आज सुबह स्थानीय समय के मुताबिक़ आठ बजे से कुछ पहले पुलिस को गोलीबारी की सूचना मिली थी.
उन्होंने कहा कि गोली लगने से घायल चार अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है. इनमें से एक की हालत गंभीर है.
गोलीबारी शहर के मध्य हिस्से में स्थित लॉगन सर्कल इलाके में 15वीं और पी स्ट्रीट के पास हुई. यह जगह व्हाइट हाउस से एक मील से भी कम दूरी पर है.
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों को सील कर दिया है और लोगों से वहां न जाने की अपील की है.
संदिग्ध कौन था?
इमेज स्रोत, Getty Images
पुलिस ने बताया कि गोलीबारी का संदिग्ध एक गोरा पुरुष (व्हाइट मेल) है, जिसे एक इमारत के अंदर ख़ुद को बंद कर लेने के बाद घेर लिया गया है.
बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी चैनल सीबीएस के मुताबिक़, पुलिस के पत्रकारों से बात करने से पहले इमारत के अंदर से दोबारा गोलियां चलने की आवाज़ें सुनाई दीं.
गोलीबारी लॉगन सर्कल में एक जिम के अंदर और उसके आसपास हुई. वहां मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी को पहले लगा कि किसी एक्सरसाइज़ बॉल के फटने की आवाज़ आई है, लेकिन बाद में पता चला कि किसी को गोली लगी है.
बीबीसी के प्रोड्यूसर जोनाथन सैपो, जो घटनास्थल के पास रहते हैं, ने बताया कि गोलियों की आवाज़ उनके बेहद क़रीब से आई. उन्होंने धुआं और चमक देखी, जिसके बाद वहां मौजूद लोग भागने लगे.
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन वाहन तैनात
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
वॉशिंगटन डीसी के लॉगन सर्कल इलाके में गोलीबारी की ख़बर के बाद बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन वाहन पहुंच गए.
घटनास्थल पर दर्जनों आपातकालीन वाहन देखे गए. उनकी लाइटें जल रही थीं. इलाके के ऊपर एक हेलिकॉप्टर भी उड़ता देखा गया.
गोलीबारी के समय इमारत में मौजूद थे बीबीसी के प्रोड्यूसर
इमेज स्रोत, Reuters
बीबीसी प्रोड्यूसर जोनाथन च्सापो उस इमारत में रहते हैं, जहां गोलीबारी हुई. घटना के समय वह इमारत के अंदर ही थे.
उन्होंने बताया कि इमारत में फ़ायर अलार्म बजने के बाद वह फ़ायर एस्केप से नीचे आ रहे थे.
उन्होंने कहा, “जब मैं बाहर निकल रहा था, तभी मेरे बहुत क़रीब गोलियां चलने लगीं. मैं धुआं और चमक देख सकता था. हम सभी भागने लगे. उस समय हमारी पहली प्रतिक्रिया यही थी.”
उन्होंने बताया कि वे इमारत के पास ही छिप गए. इसके बाद उन्हें तुरंत एक इमारत के अंदर सुरक्षित जगह पर ले जाया गया.
उनके मुताबिक़, फ़ायर अलार्म बजने के क़रीब तीन मिनट बाद ही फ़ायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंच गई थी.
जिम में मौजूद लोगों को पहले लगा कि एक्सरसाइज़ बॉल फटी है
गोलीबारी की घटना लॉगन सर्कल स्थित विडा फ़िटनेस सेंटर के अंदर और बाहर हुई.
जिम में मौजूद माइकल कार्नी ने ‘वॉशिंगटन सन’ को बताया कि वह ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी उन्हें एक धमाके जैसी आवाज़ सुनाई दी.
उन्होंने कहा कि पहले उन्हें लगा कि कोई एक्सरसाइज़ बॉल फटी है. लेकिन इसके बाद उन्होंने ज़मीन पर एक घायल शख़्स को देखा.
कार्नी के मुताबिक़, वहां मौजूद लोग गमलों और दूसरी चीज़ों के पीछे छिपने लगे. इसी दौरान फ़ायर अलार्म बजाया गया.
उन्होंने बताया कि जिम से बाहर निकलने के बाद उन्हें पास की एक गली से पांच से दस गोलियां चलने की आवाज़ सुनाई दी.
एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि जब उन्हें जिम से बाहर निकाला जा रहा था, तब महिलाओं के चेंजिंग रूम से एक बहुत तेज़ आवाज़ सुनाई दी. इसके बाद जिम के बाहर भी गोलियां चलने की आवाज़ें आईं.
उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि कोई चीज़ टकराई है या गिर गई है. मुझे बाद में पता चला कि वह गोली चलने की आवाज़ थी.”
कई ब्लॉक सील, संदिग्ध इमारत के अंदर
बीबीसी की नॉर्थ अमेरिका एडिटर सारा स्मिथ ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के कई ब्लॉक सील कर दिए हैं.
उन्होंने कहा कि इलाके में बड़ी संख्या में आपातकालीन वाहन मौजूद हैं.
सारा स्मिथ के मुताबिक़, पुलिस ने पांच लोगों को गोली लगने की पुष्टि की है. संदिग्ध ने उस इमारत के अंदर ख़ुद को बंद कर रखा है, जहां गोलीबारी हुई.
दुकानों और रेस्तरां वाले व्यावसायिक इलाके में हुई घटना
बीबीसी न्यूज़ के डोनोवन स्लैक ने बताया कि जिस इमारत में गोलीबारी हुई, वहां वह अक्सर जाते हैं.
यह इलाका दुकानों और रेस्तरां की एक व्यावसायिक पट्टी के पास है. यहां होल फ़ूड्स नाम का एक किराना स्टोर और कई दूसरी दुकानें और रेस्तरां हैं.
उन्होंने बताया कि यह तेज़ी से विकसित हो रहा एक ट्रेंडी इलाका है, जहां बड़ी संख्या में युवा रहते हैं. यह व्हाइट हाउस से क़रीब एक मील उत्तर में है.
उन्होंने कहा कि यह जगह न तो संघीय सरकारी इमारतों के पास है और न ही ऐसे किसी इलाके में है, जहां से ट्रंप प्रशासन या अमेरिकी कांग्रेस से इस घटना का कोई संबंध होने का संकेत मिले.
हालांकि, वॉशिंगटन के दूसरे इलाकों की तरह यहां रहने वाले कई लोगों का संबंध संघीय सरकार या मीडिया से हो सकता है.
स्लैक ने बताया कि वह सोमवार को आख़िरी बार इस इलाके में गए थे. उस समय सब कुछ सामान्य था. लोग अपने कुत्तों को घुमा रहे थे, खाना लेने जा रहे थे और रेस्तरां में जुट रहे थे.
लेकिन गुरुवार को पूरा इलाका लॉकडाउन में है. पुलिस ने लोगों को घरों के अंदर रहने और घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी है.
होटल के पास एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां देखीं
बीबीसी के मार्कस मैकनल्टी ने बताया कि वह गोलीबारी वाली जगह के पास पी स्ट्रीट और 16वीं स्ट्रीट के कोने पर मौजूद थे.
उन्होंने बताया कि वह घटनास्थल के पास एक होटल में ठहरे हुए थे. वहां से उन्होंने बड़ी संख्या में एंबुलेंस, पुलिस की गाड़ियां और ऊपर उड़ता एक हेलिकॉप्टर देखा.
उनके मुताबिक़, स्थानीय समय के अनुसार सुबह क़रीब 8:30 बजे पहली गतिविधियां दिखाई दीं.
उन्होंने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को एंबुलेंस में ले जाते हुए भी देखा. इसके बाद सभी लोगों को पास ही एक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया. वहां चारों तरफ़ पुलिस अधिकारी मौजूद थे.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.