जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने कहा है कि ट्राइ की तरफ से विकसित तीन एप को डाउनलोड करके उपभोक्ता डिजिटल स्वतंत्रता हासिल कर सकते हैं।
उपभोक्ता मुख्य रूप से अनचाहे कॉल से सबसे अधिक परेशान होते हैं। इसके अलावा इंटरनेट की धीमी गति से भी उन्हें परेशानी होती है।
ट्राई का कहना है कि उनके तीन एप ट्राई डीएनडी, ट्राई माइस्पीड और ट्राई माइ काल को डाउनलोड करने से उन्हें डिजिटल स्वतंत्रता हासिल करने में मदद मिलेगी।
ट्राई के मुताबिक ट्राई डीएनडी एप से उपभोक्ता को किसी काल को रिसीव या रिजेक्ट करने को लेकर प्राथमिकता चुनने का विकल्प मिलता है। प्रमोशनल कॉल को रिसीव करने या नहीं करने या उन्हें ब्लाक करने का आसान मैकेनिज्म इस एप में दिया गया है।
ट्राई का कहना है कि देश में 1.3 अरब लोगों के पास मोबाइल फोन के कनेक्शन है और इनमें से सिर्फ 16 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने डीएनडी को चुना है। बाकी के उपभोक्ताओं ने अपनी प्राथमिकता तय नहीं की है।
ट्राई के माइ स्पीड एप से यह पता चल जाता है कि फोन में इंटरनेट का स्पीड क्या है। इससे उपभोक्ता को नेटवर्क के पैरामीटर का पता चलता है और वे उसके हिसाब से अपने सेवा प्रदाता का चुनाव कर सकते हैं।