जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के यह कहने के बाद कि एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से देश की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है, अब उनके पूर्व संबंधों को लेकर नया विवाद सामने आया है। सवाल यह है कि हुआंग की पूर्व प्रेमिका एलिस हुआंग क्या चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं? इस मुद्दे पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के बीच मतभेद उभर आए हैं।
रायटर्स के अनुसार, व्हाइट हाउस, एफबीआइ और सीआइए के वरिष्ठ अधिकारी इस संबंध में जुटाई गई खुफिया जानकारी की समीक्षा कर रहे हैं। एफबीआइ का आकलन है कि उपलब्ध जानकारी एलिस हुआंग को चीनी खुफिया अधिकारी या एजेंट साबित नहीं करती।
वहीं, सीआइए का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनके पास अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी थी या उन्होंने उसे चीन तक पहुंचाया। हालांकि, एजेंसी ने भविष्य में नए सुबूत मिलने की संभावना से इन्कार नहीं किया है।
हुआंग और एनवीडिया से जुड़े मामले पर विभिन्न एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों की कोई औपचारिक बैठक नहीं हुई। पहले राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ऐसे संवेदनशील मामलों पर अलग-अलग एजेंसियों की जानकारी और आकलन पर चर्चा करती थी। लेकिन ट्रंप प्रशासन में ऐसी बैठकों और सूचनाओं के साझा किए जाने में कमी आई है।
इस बीच, अमेरिकी सीनेटर कोरी बुकर ने एनवीडिया के बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स को पत्र लिखकर हुआंग और संघीय अधिकारियों के बीच हुई बातचीत का ब्योरा मांगा है। उन्होंने 16 दिसंबर तक जवाब देने और एक जनवरी 2026 से अब तक के संबंधित रिकार्ड सुरक्षित रखने को कहा है।
सीनेट की न्यायिक समिति की एंटीट्रस्ट उपसमिति के शीर्ष डेमोक्रेट सदस्य बुकर ने सवाल उठाया है कि क्या एनवीडिया की बाजार में मजबूत स्थिति ने उसे कंपनी की निगरानी करने वाले अधिकारियों पर अनुचित प्रभाव डालने का मौका दिया है। उन्होंने हुआंग की वापसी, संभावित कानूनी जांच, निर्यात नियंत्रण और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चाओं की जानकारी भी मांगी है।
हुआंग को क्षमादान की जरूरत नहीं : वेंस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने उन अटकलों को खारिज किया है कि हुआंग को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से क्षमादान की जरूरत पड़ सकती है। एपी के अनुसार, वेंस ने कहा कि न्याय विभाग और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि हुआंग के खिलाफ कोई जांच नहीं चल रही है। उनके अनुसार, फिलहाल ऐसा कोई सबूत भी सामने नहीं आया है, जिससे हुआंग के अपराध में शामिल होने की पुष्टि हो।
अपने चिप दक्षिणपूर्व एशिया नहीं भेजेगी एनवीडिया
एनवीडिया ने दक्षिणपूर्व एशिया के चार देशों को अपने चिप की आपूर्ति रोकने का फैसला किया है। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने चार मैन्युफैक्चरिंग साझेदारों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड और इंडोनेशिया भेजे जाने वाले सर्वरों में एनवीडिया के चिप न लगाएं। इन साझेदारों में डेल और सुपरमाइक्रो जैसी कंपनियां शामिल हैं।