इमेज स्रोत, JK Police
मोहम्मद लतीफ़ बट कश्मीर के चार मोस्ट वॉन्टेड चरमपंथियों में से एक था.
बुधवार को कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया. पिछले साल चरमपंथ का रास्ता अपनाने से पहले वह छोटे-मोटे काम करता था.
कुलगाम के ख्रेवान चादेर गांव का रहने वाला 21 साल का लतीफ़ कॉलेज की पढ़ाई बीच में छोड़ चुका था. परिवार को जानने वाले एक सूत्र ने बताया कि उसने पहले कारपेंटर के रूप में काम किया. इसके बाद कुलगाम ज़िले की एक दुकान पर कांच लगाने का काम करने लगा.
सूत्र के मुताबिक़, लतीफ़ ने कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में दाख़िला लिया था, लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़ दी. उसका परिवार ग़रीब है. उसके पिता मुश्ताक़ अहमद बट दिहाड़ी मज़दूर हैं.
सूत्र ने कहा, “उनका घर ख्रेवान चादेर में है, लेकिन ग़रीबी की वजह से लतीफ़ ज़्यादातर समय अपने ननिहाल, भान गांव में बिताता था.”
माना जाता है कि लतीफ़ ने चरमपंथ का रास्ता अपनाने से पहले अशमुजी के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई की थी.
सूत्र ने बताया कि पिछले साल की शुरुआत में परिवार ने लतीफ़ के लापता होने की शिकायत की थी. इसके बाद उसके चरमपंथी संगठन में शामिल होने का शक हुआ.
कैसे बना चरमपंथी?
शॉर्ट वीडियो देखिए
पिछले साल नवंबर में सोशल मीडिया पर एक बयान सामने आया था.
यह बयान कथित तौर पर एक कम चर्चित चरमपंथी संगठन कश्मीर रिवॉल्यूशनरी आर्मी (केआरए) की ओर से जारी किया गया था. इसमें दावा किया गया था कि लतीफ़ इस संगठन में शामिल हो गया है.
बीबीसी इस बयान की पुष्टि नहीं कर सकता. पिछले कुछ सालों में जम्मू-कश्मीर में केआरए जैसे कई नए संगठन सामने आए हैं. सुरक्षा बलों का मानना है कि ये पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे चरमपंथी संगठनों से जुड़े हैं.
इमेज स्रोत, ANI
लतीफ़ ने चरमपंथ का रास्ता क्यों चुना, यह तुरंत पता नहीं चल सका. हालांकि, सुरक्षा बलों की ओर से मीडिया को अनौपचारिक रूप से जारी किए गए एक वीडियो में वह “ज़ुल्म” और इस्लाम की बात करता दिखाई देता है.
यह वीडियो बुधवार को हुई मुठभेड़ के बाद जारी किया गया था. बीबीसी ने इसकी पुष्टि की है.
व्हाट्सऐप वीडियो कॉल kr इस 30 सेकंड के क्लिप में एक सेना का जवान लतीफ़ से हथियार डालकर सरेंडर करने की अपील करता सुनाई देता है. लतीफ़ की दाढ़ी बढ़ी हुई दिखती है. जवाब में वह क़ुरान की आयतों का ज़िक्र करता है.
लतीफ़ को यह कहते सुना जा सकता है, “मैंने एक वजह से यह रास्ता चुना है. मैं अल्लाह से मिलने को लेकर बहुत ख़ुश हूं. मैं अल्लाह और उसके पैग़ंबर से मिलूंगा. अल्लाह महान है. अल्लाह मेरे साथ है.”
घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया
इमेज स्रोत, Mir Faisal
सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि पिछले हफ़्ते कुलगाम में हुए हमले में लतीफ़ शामिल था. इस हमले में सीआरपीएफ़ के तीन जवान घायल हुए थे.
हमले के बाद पुलिस ने लतीफ़ के भाई तरीम अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी.
हमले के बाद कुलगाम के कम से कम छह गांवों की घेराबंदी कर दी गई थी. हमले में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया था.
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती और सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ़्रेंस ने इन गांवों से पाबंदियां हटाने की मांग की थी. उन्होंने घेराबंदी और तलाशी अभियान को लोगों को दी जाने वाली “सामूहिक सज़ा” बताया था.
इमेज स्रोत, Mir Faisal
लतीफ़ पर इस साल जुलाई में अनंतनाग और कुलगाम ज़िलों में हुए दो हमलों में शामिल होने का भी शक था. इन हमलों में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल और दो प्रवासी मज़दूरों की मौत हुई थी.
लतीफ़ पर 15 लाख रुपये का इनाम था. वह मंगलवार रात कुलगाम के ज़ंगलपोरा गांव में सुरक्षाबलों से घिर गया था. इसके बाद जिस मस्जिद में उसने शरण ली थी, वहां एक स्मार्टफ़ोन भेजा गया.
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इनायत अली चौधरी ने बताया कि सुरक्षा बल लतीफ़ से बातचीत शुरू करना चाहते थे. वे उसे सरेंडर करने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे. साथ ही, वे मस्जिद को किसी तरह के नुक़सान से बचाना चाहते थे.
चौधरी ने कहा कि सरेंडर करने की बार-बार अपील और घोषणाओं के बावजूद लतीफ़ ने बुधवार सुबह क़रीब तीन बजे सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी.
सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कॉर्प्स ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि लतीफ़ को मस्जिद से बाहर आने के लिए मजबूर होना पड़ा. इसके बाद वह मारा गया.
इसी महीने की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कश्मीर के चार वॉन्टेड चरमपंथियों का एक पोस्टर जारी किया था. यह पोस्टर श्रीनगर के मुख्य इलाक़े लाल चौक में मौलाना आज़ाद रोड पर लगाया गया था. इस पोस्टर में लतीफ़ का नाम भी था.
पोस्टर में शामिल तीन अन्य चरमपंथियों के नाम बिलाल अहमद मीर, मोहम्मद उमर मीर और आबिद क़यूम हैं. बिलाल और मोहम्मद उमर सोपोर के बरथ कलां के रहने वाले हैं, जबकि आबिद बारामूला के पट्टन का रहने वाला है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
