पीटीआई, कोच्चि। केरलम के त्रिपुनिथुरा क्षेत्र में एक चाय विक्रेता द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और मानवता की भावना की हर तरफ सराहना हो रही है।
सड़क दुर्घटना में घायल हुई एक महिला की मदद के लिए स्थानीय चाय विक्रेता एमआर शाजी ने जो कदम उठाया, उसने लोगों का दिल जीत लिया है। वह इंटरनेट मीडिया में ‘हीरो’ बन गया है।
यह घटना मंगलवार को त्रिपुनिथुरा के स्टैच्यू जंक्शन पर हुई, जहां एक महिला अचानक एक निजी बस के नीचे गिर गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गनीमत रही कि महिला की जान बच गई, हालांकि उसे चोटें आई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बचाव कार्य के दौरान पता चला कि दुर्घटना में महिला के कपड़े फट गए थे।
ऐसे में मौके पर मौजूद चाय विक्रेता एमआर शाजी ने बिना देर किए अपनी ‘मुंडू’ (पारंपरिक धोती) उतारकर महिला को दे दी, ताकि वह स्वयं को ढक सके और सम्मानपूर्वक अस्पताल पहुंचाई जा सके।
शाजी ने पत्रकारों को बताया कि महिला गंभीर रूप से घायल थी और अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पा रही थी। उन्होंने कहा कि परिस्थिति को देखते हुए उन्होंने बिना किसी झिझक के अपनी धोती महिला को दे दी। घटना का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया।
इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद लोग शाजी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। कई लोगों ने उनकी इस पहल को इंसानियत, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संकट की घड़ी में शाजी का यह छोटा-सा कदम मानवता की बड़ी मिसाल बन गया।