• Tue. Nov 10th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

केरलम में ‘वंदे मातरम’ पर गहराया विवाद, मंत्री के पूर्ण गायन से पहले बैठने पर सियासत तेज; भाजपा ने की माफी की मांग

Byadmin

Nov 10, 2026


डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के पूर्ण गायन को लेकर केरलम में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कासरगोड में एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन समारोह के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन द्वारा पूरा गीत बजने से पहले ही अपनी सीट पर वापस बैठ जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।

इस घटना ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज कर दी है। भाजपा ने उनसे माफी की मांग की है, जबकि मंत्री ने अपने कदम का बचाव करते हुए कहा कि वे किसी को भी राज्य सरकार के कार्यक्रम को “हाईजैक” करने नहीं देंगे। यह घटना सोमवार को मुल्लेरिया फैमिली हेल्थ सेंटर में एक प्रयोगशाला के उद्घाटन के दौरान घटी।

मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा, “मुझे किसी से देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है, मैं एक स्वतंत्रता सेनानी का बेटा हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की स्थापित नीति के अनुसार, सरकारी कार्यक्रमों में केवल ‘वंदे मातरम’ के पहले दो छंद ही गाए जाने चाहिए।

कार्यक्रम की पूर्व निर्धारित सूची के अनुसार एक प्रार्थना होनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय पूरा गीत गाया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विरोध वहीं और उसी समय दर्ज करा दिया गया था। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि वह केंद्र सरकार के कार्यक्रमों के प्रोटोकाल और स्थानीय निकायों की नीतियों का पूरा सम्मान करते हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। घटना के दौरान सामने आए वीडियो फुटेज से यह भी स्पष्ट हुआ कि केवल मंत्री ही नहीं, बल्कि कासरगोड के जिला कलेक्टर, सांसद राजमोहन उन्नीथन और विधायक के. माहीन भी गीत के पूरा होने से पहले ही अपनी सीटों पर बैठ गए थे।

हालांकि, विधायक के. नीलकंदन और डीसीसी अध्यक्ष पी.के. फैसल पूरा गीत समाप्त होने तक खड़े रहे। यह पूरा घटनाक्रम केंद्र के उस निर्देश के बीच सामने आया है जिसमें आधिकारिक कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ को पूरी तरह से गाने का सुझाव दिया गया है, जबकि कांग्रेस पार्टी का रुख यही रहा है कि इसके शुरुआती दो छंद गाना ही पर्याप्त है।

By admin