इमेज स्रोत, Getty Images
व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग के साथ अपनी त्रिपक्षीय बैठक में डोनाल्ड ट्रंप शामिल होने पहुंचे थे. उनके पास एजेंडे में ज़्यादा कुछ नहीं था और न ही उनकी ओर से कोई स्पष्ट मांग रखी गई थी.
ऐसा लगता है कि वह इस बैठक से उन्हें बहुत कुछ हासिल नहीं हुआ.
आख़िर में इस बैठक की तस्वीरें और उसका दिखने वाला असर ही शायद इस शिखर सम्मेलन की सबसे स्थायी याद बनकर रह जाए.
राजनीतिक टिप्पणीकार इसे अक्सर ‘ऑप्टिक्स’ कहते हैं. कुछ लोगों ने इस बैठक को बड़ी ताक़तों के बीच ऐतिहासिक ‘याल्टा 2.0’ बैठक बताया.
तामझाम और भव्य आयोजन ही अंत में शायद वो चीज़ थी, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति सबसे ज़्यादा चाहते थे क्योंकि इस महीने की शुरुआत में हुए मिडटर्म चुनावों में उनकी रिपब्लिकन पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था.
ऐसे में एशिया के तीन दिन के दौरे के दौरान दुनिया भर की नज़रें ख़ुद पर टिके रहने और अमेरिका, रूस और चीन के बीच पहली त्रिपक्षीय बैठक के ऐतिहासिक महत्व का उन्होंने भरपूर आनंद लिया.
बुधवार को फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने एपेक के डिनर में अपनी प्रमुख जगह और चीन पहुंचने पर हुए भव्य स्वागत का ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, ‘भव्य स्वागत, ख़ूबसूरती, शानदार आयोजन और हज़ारों लोग’ इस बात का सबूत है कि उनका दौरा पहले ही सफल हो चुका है.
यह सफलता का बहुत छोटा पैमाना लग सकता है, लेकिन यह अमेरिकी राष्ट्रपति को संतुष्ट होने के लिए एक कारण मिल सकता है.
बयानों से आगे
इमेज स्रोत, EPA
हालांकि, अब तक अमेरिका की ओर से इस त्रिपक्षीय बैठक के बाद असाधारण रूप से बहुत कम बयान आए हैं.
चीन ने बातचीत का ब्योरा देते हुए संयुक्त बयान तुरंत जारी कर दिया. वहीं, पुतिन ने बैठक के बाद एक घंटे हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में विस्तार से अपनी बात रखी.
लेकिन ट्रंप ने सार्वजनिक तौर पर बहुत कम टिप्पणी की है. उन्होंने इसके बजाय शुक्रवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने का वादा किया है.
इस साल की शुरुआत में चीन के दौरे के दौरान और पिछले साल अक्तूबर में दक्षिण कोरिया में हुए एपेक शिखर सम्मेलन के दौरान शी जिनपिंग से मुलाक़ात के बाद, ट्रंप वॉशिंगटन लौटते समय विमान में ही मीडिया से बात करने लगे थे.
फ़िलहाल व्हाइट हाउस इस बातचीत का जवाब गुरुवार को जारी किए गए संयुक्त बयान के ज़रिए दे रहा है.
यह बयान तीनों नेताओं की मुलाक़ात के बाद जारी हुआ था. लेकिन इस दस्तावेज़ में ज़्यादातर “रणनीतिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा” सुनिश्चित करने की कोशिशों का अस्पष्ट समर्थन किया गया है.
तीन ताक़तवर नेताओं का एक ही कमरे में बैठकर वैश्विक मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण ढंग से चर्चा करना और इस तरह की तस्वीरें सामने आना इस बात का कुछ भरोसा दे सकता है कि निकट भविष्य में कोई विनाशकारी संघर्ष नहीं होने वाला.
लेकिन आगे भी ‘बातचीत’ जारी रखने के वादे और परमाणु युद्ध ‘कभी नहीं लड़ा जाना चाहिए’ की स्वीकारोक्ति के अलावा, बयानबाज़ी में बहुत कम ठोस बात सामने आती है.
रिपब्लिकन पार्टी में असहजता
इमेज स्रोत, EPA
अमेरिका-चीन संबंधों पर काम करने वाली बुश फ़ाउंडेशन के प्रमुख डेविड फ़ायरस्टीन ने बीबीसी से कहा, “कुल मिलाकर, दुनिया की बड़ी ताक़तों के नेताओं का अलग-अलग तरीक़े से एक साथ आना अच्छी बात है, भले ही इसके नतीजे बहुत मामूली ही क्यों न दिखाई दें.”
“रिफ़ाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति” को बढ़ावा देने की बात शायद पुतिन को ध्यान में रखकर कही गई है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में रूसी फॉसिल फ़्यूल का एक बड़ा स्रोत है.
इसके अलावा, इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (आईसीसी) की निंदा को भी नज़रअंदाज़ करना मुश्किल था. हाल के समय में आईसीसी अमेरिका की नाराज़गी का निशाना रहा है.
अगर दुनिया की तीन बड़ी ताक़तों के नेता किसी एक बात पर सहमत हो सकते हैं, तो वह यह है कि अंतरराष्ट्रीय क़ानून लागू करने की कोशिश करने वाले बहुपक्षीय वैश्विक संगठनों के पास अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त अधिकार नहीं होने चाहिए.
चीन में रहते हुए ट्रंप ने पुतिन को अपना ‘दोस्त’ कहा. चीनी नेता शी जिनपिंग के साथ हाथ मिलाने और गले मिलने के बाद उन्होंने शी के साथ अपने ‘बेहतरीन निजी संबंधों’ की तारीफ़ भी की.
लेकिन वॉशिंगटन लौटने के बाद ट्रंप को ऐसे राजनीतिक माहौल का सामना करना पड़ सकता है, जहां उनके एशिया दौरे को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं होंगी.
इनमें सीमित चिंता से लेकर खुली आलोचना तक शामिल है.
रिपब्लिकन पार्टी के यूटा से सीनेटर जॉन कर्टिस ने गुरुवार को बीबीसी को दिए बयान में कहा, “मुझे इस बात की चिंता है कि हम भू-राजनीतिक विरोधियों के साथ अपने रिश्तों को किस तरह पेश कर रहे हैं. व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग हमारे दोस्त नहीं हैं.”
उन्होंने कहा, “कूटनीति अहम है, लेकिन इसकी क़ीमत यह नहीं होनी चाहिए कि हम इस बात को लेकर स्पष्टता खो दें कि हमारे विरोधी कौन हैं.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.