राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दीपावली के बाद अब दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें चलाने के साथ ही स्टेशनों पर छठ पूजा के गीत गूंज रहे हैं। बुधवार को दिल्ली के रेलवे स्टेशनों से पूर्व दिशा की 31 विशेष ट्रेन चलेंगी।
दिल्ली के रेलवे स्टेशनों विशेषकर नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल पर पूर्व दिशा के यात्रियों की भीड़ अधिक पहुंच रही है। पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और शकूरबस्ती से भी विशेष ट्रेन चलाई जा रही हैं। मंगलवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 27 विशेष ट्रेनें चलाई गईं।
वहीं, अलग-अलग रूट पर भीड़ बढ़ने से अल्प सूचना के आधार पर चार अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाई गईं। आनंद विहार टर्मिनल से नौ, नई दिल्ली से छह, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से तीन और रोहतक से एक विशेष ट्रेन चलाई गई।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि यात्रियों की भीड़ की निगरानी करते हुए जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की योजना बनाई जाएगी।
चंडीगढ़-बरौनी के बीच स्पेशल ट्रेन
चंडीगढ़ संवाददाता के अनुसार, ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने चंडीगढ़ और बरौनी के बीच आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन नंबर 04538 चंडीगढ़-बरौनी आरक्षित स्पेशल 10 नवंबर को रात 10 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
यह ट्रेन अंबाला छावनी, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और छपरा सहित निर्धारित स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04537 बरौनी-चंडीगढ़ आरक्षित स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे बरौनी से रवाना होगी।