इमेज स्रोत, Ashtari/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
ईरान ने कहा है कि वह युद्ध ख़त्म करने के लिए अमेरिक के प्रस्ताव पर विचार रहा है. रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों पक्ष जल्द ही समझौते के क़रीब हो सकते हैं.
अमेरिकी न्यूज़ आउटलेट एक्सियोस ने बुधवार को दावा किया कि व्हाइट हाउस को उम्मीद है कि ईरान के साथ जल्द ही 14 बिंदुओं वाला समझौता हो सकता है.
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा कि हम इस अमेरिकी प्रस्ताव पर अपनी राय पाकिस्तानी मध्यस्थों के साथ साझा करेंगे.
वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने कहा कि उनका देश ईरान और अमेरिका के बीच जंग ख़त्म करने की कोशिश कर रहा है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने पिछले 24 घंटों में ईरान के साथ बहुत अच्छी बातचीत की है और एक समझौता संभव है.
एक्सियोस की रिपोर्ट में कहा गया है कि समझौते में ईरान के परमाणु संवर्धन को रोकना, प्रतिबंध हटाना और होर्मुज़ स्ट्रेट में आवाजाही बहाल करना शामिल है.
गौरतलब है कि अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच 28 फ़रवरी को युद्ध शुरू हुआ था. हालांकि, अब बीते कुछ हफ़्तों से युद्धविराम चल रहा है. युद्ध को स्थायी तौर पर रोकने के लिए पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है.