• Sun. Aug 23rd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ हो रही झमाझम बारिश, यूपी-बिहार समेत 25 राज्यों में अलर्ट; पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा

Byadmin

Aug 23, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार से सक्रिय हो गया है, जिससे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दिल्ली एनसीआर और यूपी के कई हिस्सों में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं।

दिल्ली-एनसीआर के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद) में सुबह से ही आसमान में काले बादलों का डेरा है और ठंडी हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की पूरी संभावना है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। वहीं सुबह से ही तेज हवाएं चल रही हैं।

आज देश के 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक आज देश के 25 राज्यों यूपी, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम और नागालैंड में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

मैदानी राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश और बिहार में कुदरत का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। इन दोनों राज्यों के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए लोगों को आकाशीय बिजली गिरने की आशंका के चलते खराब मौसम में खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है। उत्तर प्रदेश और बिहार के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के भी कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।

बारिश ने पहाड़ी राज्यों में मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं

दूसरी ओर, इस मानसूनी बारिश ने पहाड़ी राज्यों में मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से जमीन धंसने और पहाड़ों पर लैंडस्लाइड (भूस्खलन) का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क मार्गों पर चट्टानें गिरने के कारण कई जगहों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे सैकड़ों की संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग रास्ते में ही फंस गए हैं।

मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों के नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया है, साथ ही आम जनता से अपील की है कि वे बेहद जरूरी न होने पर पहाड़ों की यात्रा करने से बचें।

By admin