• Thu. Jul 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

देशभर में मानसून का कहर: गुजरात-महाराष्ट्र में बारिश से त्राहि-त्राहि, दिल्ली से केरल तक कई राज्यों में अलर्ट

Byadmin

Jul 9, 2026


जागरण न्यूज, नेटवर्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में बुधवार को भारी मानसूनी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश के कारण बाढ़, जलभराव, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आईं।

गुजरात के सूरत शहर में पिछले 24 घंटों में 358 मिमी बारिश हुई, जिससे कई इलाके में बाढ़ जैसे हालात बन गए और जगह-जगह पानी भरने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारी बारिश से प्रभावित राज्यों की स्थिति की जानकारी लेने के लिए महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

सूरत के निचले इलाकों से 3,400 से ज्यादा लोगों को बचाया गया

पीटीआई के अनुसार, सूरत के निचले इलाकों से 3,400 से ज्यादा लोगों को बचाया गया और 3,800 से ज्यादा लोगों को दूसरी जगहों पर भेजा गया। कई जगहों पर घरों, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और दुकानों में भी पानी घुस गया। पानी भरने की वजह से सिटी बस सेवा समेत पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी प्रभावित हुआ। वराछा इलाके में पोद्दार आर्केड की ग्राउंड-फ्लोर की दुकानें पूरी तरह पानी में डूबी हुई थीं।

सूरत के कलेक्टर तेजस परमार ने बताया कि खाड़ी (क्रीक) के पास के इलाकों, जैसे लिंबायत, उधना, वराछा और कड़ोदरा में जलभराव की समस्या बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि शहर के जलभराव वाले इलाकों में बनी ऊंची इमारतों में भी खाने के पैकेट बांटे गए। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में कैबिनेट की बैठक में राज्य भर में बारिश की स्थिति की समीक्षा की और मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे बारिश से प्रभावित जिलों का दौरा करें।

खबरें और भी

महाराष्ट्र में रेल और सड़क यातायात प्रभावित

महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ में कचरे का बड़ा ढेर गिरने से एक तीन मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें 16 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। राज्य में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर जलभराव तथा भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। नासिक में गोदावरी नदी उफान पर है।

Rain PTI

मुंबई में भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और कई इलाकों में पानी भर गया। पालघर के वसई-विरार क्षेत्र में जलभराव के कारण गुजरात की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।

आईएएनएस के अनुसार, एक जून को मानसून सीजन शुरू होने के बाद से राज्य में 62 लोगों की मौत हुई है और 200 जानवरों की जान गई है। पालघर में एक गांव में स्थानीय लोगों ने घर के दरवाजे को स्ट्रेचर बनाकर गहरे पानी से गुजरते हुए गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाया।

वायनाड में भूस्खलन के बाद लापता पांच लोगों की तलाश जारी

केरल के वायनाड में सुरंग सड़क निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन के बाद पांच लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। हादसे में अब तक तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एनडीआरएफ, दमकल कर्मी और खोजी कुत्तों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है। लगातार बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है।

दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट

एएनआई के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है और उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिमी तट तथा पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, कर्नाटक तट, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली, हरियाणा, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और केरल में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में तेज बारिश, यूपी-बिहार समेत 7 राज्यों के लिए रेड अलर्ट; अगले 24 घंटे में आंधी के साथ बरसात

 

By admin