डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों एक दूसरे पर अपने-अपने तरीके से आरोप लगा रहे हैं।
राजनीतिक विवाद में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने इस पूरे मामले को भेदभाव से प्रेरित बताया। इस पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए सांसद के इस बयान को “शर्मनाक” बताया है।
शानदार प्रदर्शन के बाद भी नहीं हुए शामिल
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि पिछले शानदार प्रदर्शन के बावजूद इस तेज गेंदबाज को उनके नाम की वजह से प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। उनका नाम ‘सिराज’ है, और शायद इसीलिए उन्हें टीम में नहीं लिया गया। अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है।