इमेज स्रोत, William WEST / AFP via Getty Images
मेलबर्न में शनिवार को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारतीय मूल के निखिल चौधरी ने ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई.
यह मुक़ाबला काफ़ी रोमांचक रहा और अंतिम ओवर तक चला.
निखिल चौधरी को उम्मीद के विपरीत ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया था. उन्होंने इंग्लैंड को हराने में बैट और गेंद दोनों के साथ शानदार प्रदर्शन किया.
इंग्लैंड की टीम ने मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 187 रन बनाए. निखिल चौधरी ने इस दौरान चार ओवरों में महज़ 21 रन दिए और इंग्लैंड के दो बल्लेबाज़ों को आउट किया.
निखिल ने ख़तरनाक दिख रहे इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को भी अपनी रहस्यमय गेंदबाज़ी का शिकार बनाया.
इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अंतिम ओवर में महज़ एक गेंद शेष रहते जीत हासिल की.
ऑस्ट्रेलिया की पारी में निखिल चौधरी ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए सबसे ज़्यादा रन बनाए.
हालांकि ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम में शामिल होने का निखिल का सफ़र किसी सपने जैसा रहा है.
निखिल चौधरी की कहानी

दिल्ली में जन्मे निखिल चौधरी भारतीय घरेलू क्रिकेट में पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल के साथ खेल चुके हैं.
दरअसल कोविड महामारी के दौरान वह ब्रिसबेन में अपना 24वां जन्मदिन मनाने के लिए गए थे और वहीं फंस गए थे. कोविड महामारी के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना शुरू कर दिया.
इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के क्लब और घरेलू क्रिकेट में आगे बढ़ने का सफ़र तय किया. इस दौरान उन्होंने एक मैक्सिकन रेस्तरां में भी काम किया.
चौधरी ने एक बार कहा था कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने का फ़ैसला इसलिए किया, क्योंकि उन्हें “भारतीय संस्कृति के मुक़ाबले ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति से ज़्यादा जुड़ाव महसूस होता है.”
निखिल चौधरी ने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में कहा था, “मैंने (पंजाब की टीम से) मार्च 2020 में मुंबई के ख़िलाफ़ अंतिम टी20 मैच खेला था. उस दौरान मेरा पहले से प्लान था कि बर्थडे मनाने ऑस्ट्रेलिया जाउंगा.”
“मैं 15 मार्च 2020 को ऑस्ट्रेलिया पहुंचा था और मेरी वापसी की टिकट 6 मई की थी. लेकिन मेरे ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही दो-चार दिनों में कोविड का बहुत ज़्यादा असर हो गया. ऑस्ट्रेलिया में सारे बॉर्डर बंद कर दिए गए. यहां तक कि स्थानीय सीमाएं भी बंद कर दी गईं. आप कहीं जा नहीं सकते थे.”
निखिल ने बताया कि कोविड की वजह से अगले छह महीने तक भारत के घरेलू क्रिकेट को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं था.
उन्होंने पॉडकास्ट में कहा, “लेकिन ऑस्ट्रेलिया में अगले छह महीने में क्रिकेट शुरू हो गया और ब्रिसबेन का मौसम भी ठीक था. फिर मैंने वहां जाकर क्लब में खेलना शुरू किया. उन्होंने मेरे खेल को काफ़ी पसंद किया. उन्हें लगा कि मैं चार दिवसीय क्रिकेट नहीं खेल सकता. पहले उन्होंने मुझे टी-20 के लिए चुना.”
निखिल ने बताया था, “मैं वहां टूरिस्ट वीज़ा पर गया था, फिर मैंने स्टूडेंट्स वीज़ा लिया और तीन साल पढ़ाई भी की. मैंने हॉर्टिकल्चर की पढ़ाई की और डिग्री के लिहाज से अब मैं एक किसान भी हूं. मैंने तीन महीने मेक्सिकन रेस्तरां में काम किया. फिर ढाई साल ऑस्ट्रेलिया पोस्ट में काम किया और साथ में खेल भी जारी रहा.”
भारत से माता-पिता मैच देखने पहुंचे
इमेज स्रोत, Mark Metcalfe/Getty Images
30 वर्षीय निखिल चौधरी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में अपने चौथे अंतरराष्ट्रीय मैच में अब तक का अपना सबसे शानदार प्रदर्शन किया.
हैरी ब्रूक की 28 गेंदों में 65 रन की तूफ़ानी पारी के बावजूद चौधरी ने अपनी रहस्यमयी स्पिन गेंदबाज़ी से इंग्लैंड को 9 विकेट पर 187 रन तक सीमित रखने में मदद की.
उन्होंने महज़ 21 रन देकर 2 विकेट लिए. इसके बाद 66 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को जीत के क़रीब पहुंचाया.
ऐसे में जीत का रन बनने के बाद एमसीजी के दर्शकों की ज़ोरदार खुशी के बीच उनका जश्न मनाना ख़ास रहा.
उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता कल रात भारत से आए हैं. यह पहला मैच भी है, जिसमें वे मुझे खेलते हुए देख रहे हैं.”
अपनी पारी के दौरान इस दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज़ की लियाम डॉसन और सैम करन के साथ कहासुनी होती दिखाई दी.
आख़िरी पलों में इंग्लैंड की टीम ने खेल की गति धीमी की तो एमसीजी में मौजूद दर्शकों ने जोरदार हूटिंग की.
निखिल चौधरी ने कहा, “आप जानते हैं कि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मुक़ाबला हमेशा बड़ा होता है, इसलिए मैदान पर कुछ नोकझोंक होना तय है.”
सैम करन के सामने आख़िरी ओवर में 11 रन बचाने की चुनौती थी, लेकिन ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स ने नाबाद 25 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी. इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने अपने घरेलू मैदान पर सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया. टीम ने 3 विकेट और एक गेंद शेष रहते जीत दर्ज की.
इस जीत से ऑस्ट्रेलिया को कुछ राहत मिली है. कई नए खिलाड़ियों वाली टीम ने सैंडपेपर विवाद के बीच पांच मैचों की सिरीज़ में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.
इंग्लैंड मंगलवार को गोल्ड कोस्ट में होने वाले मुक़ाबले में सिरीज़ बराबर करने की कोशिश करेगा.
चौधरी ने अपने खेल से दिया जवाब

इस दौरे पर मैदान के बाहर चल रहे विवादों के बीच यह मुक़ाबला क्रिकेट के लिहाज से काफ़ी मनोरंजक और रोमांचक रहा.
इंग्लैंड ने मैच की पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट का विकेट गंवा दिया. इसके बाद चौकों-छक्कों की बारिश हुई. ऑस्ट्रेलिया की ओर से कुछ बेहद ख़राब फील्डिंग देखने को मिली. खिलाड़ियों के बीच नोकझोंक भी हुई और मुक़ाबले का अंत बेहद रोमांचक रहा.
इस मैच की सुर्खियां निखिल चौधरी को मिलनी चाहिए. पहले ओवर में सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क के आउट होने और मिचेल मार्श के 37 रन बनाने के लिए संघर्ष करने के बाद निखिल चौधरी ने आसानी से रन बनाए.
उन्होंने बार-बार ऑफ़ साइड की ओर शॉट खेले. ऑस्ट्रेलिया ने 143 रन पर 3 विकेट से आगे खेलते हुए 13 रन के भीतर 3 विकेट गंवा दिए थे.
इसके बाद निखिल चौधरी ने विल जैक्स की गेंद पर छक्का और जेमी ओवरटन की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकर रन बनाने की रफ़्तार तेज़ की.
डॉसन और करन के साथ हुई घटनाएं मामूली दिख रही थीं, लेकिन दोनों पक्षों के बीच कुछ बातें हुईं.
करन के साथ विवाद के दौरान अंपायर को हस्तक्षेप करना पड़ा. उन्होंने निखिल को अपनी पारी जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया.
18वें ओवर के आख़िर में निखिल चौधरी ने ओवरटन की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग की दिशा में शॉट खेला और अपना विकेट गंवा दिया. इससे इंग्लैंड को मैच में वापसी का मौक़ा मिल गया.
हालांकि, एडवर्ड्स ने अपना धैर्य बनाए रखा. दूसरी ओर, इंग्लैंड को एक और झटका लगा, जब पेनल्टीमेट ओवर की चार गेंदें फेंके जाने के बाद जैक्स को हाथ में कट लगने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा.
ब्रूक की पारी बेकार गई
इमेज स्रोत, Morgan Hancock – CA/Cricket Australia via Getty Images
नौवें ओवर में जब ब्रूक ने इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 110 रन पहुंचाया, तब ऐसा लग रहा था कि टीम आसानी से 200 से ज्यादा रन बना लेगी.
16वें ओवर से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट हासिल किए, जिससे उसे जीत की उम्मीद जगी. लेकिन इससे पहले 15-20 रन और नहीं बना पाना टीम को भारी पड़ा.
इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक का वनडे सिरीज़ में प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं रहा था. उन्होंने तीन मैचों में कुल 23 रन बनाए थे. हालांकि, इस मुक़ाबले में उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वह दुनिया के प्रमुख सीमित ओवरों के बल्लेबाज़ों में शामिल हैं.
ब्रूक को दो और तीन रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला. ऑस्ट्रेलिया ने मैच में कुल छह कैच छोड़े, जिनमें ये दोनों मौके भी शामिल थे.
हालांकि, चौथे ओवर में रिले मेरेडिथ की लगातार तीन गेंदों पर छक्के लगाकर उन्होंने आक्रामक अंदाज़ दिखाया. पुल शॉट खेलते हुए वह ख़ास तौर पर ख़तरनाक नज़र आए.
ब्रूक का विकेट तब गिरा, जब उन्होंने निखिल चौधरी की गेंद पर कट शॉट खेलने की कोशिश की. इसके अगले ओवर में टॉम बैंटन भी आउट हो गए. उन्होंने 39 रन बनाए थे और ब्रूक के साथ 97 रन की साझेदारी की थी. इसके बाद इंग्लैंड की पारी फिर संभल नहीं सकी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.