राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत से शोक की लहर है। हादसे में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। इस दर्दनाक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का एलान किया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
पीएम मोदी बोले- हादसे में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी संदेश के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि मिलेगी।
सीएम भजनलाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकसंतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार
अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी के अनुसार, हादसा रविवार देर रात आधी रात के आसपास शंभूपुरा के पास हुआ। महाराष्ट्र का एक परिवार खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
गाड़ी में कुल 16 लोग सवार थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों का इलाज प्रशासन की प्राथमिकता
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी जान बचाई जा सके और वे जल्द स्वस्थ हों। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रशासन घटना से जुड़ी अन्य जरूरी प्रक्रियाएं भी पूरी कर रहा है।